🔊
27 अगस्त को चम्पावत में होगा खेलो इंडिया संवाद, पीएम मोदी करेंगे युवाओं को वर्चुअली संबोधित।
खेल विकास, युवा सहभागिता और राष्ट्र निर्माण पर होगी चर्चा; माय भारत-एनएसएस स्वयंसेवकों और स्थानीय खिलाड़ियों के बीच होगा संवाद।
चम्पावत। राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर 27 अगस्त को चम्पावत जिले में ‘खेलो इंडिया संवाद’ कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम में केंद्रीय राज्यमंत्री एवं लोकसभा सांसद अजय टम्टा की गरिमामयी उपस्थिति रहेगी। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं को खेल विकास, उपलब्ध अवसरों और राष्ट्र निर्माण में उनकी भूमिका से जोड़ना है।
कार्यक्रम की सबसे बड़ी विशेषता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का वर्चुअल संबोधन होगा। प्रधानमंत्री 27 अगस्त को देशभर के करीब 1600 स्थानों पर मौजूद 8 लाख से अधिक युवाओं को संबोधित करेंगे। कार्यक्रम में अतिथियों और युवा प्रतिभागियों की उपस्थिति सुबह 10 बजे तक सुनिश्चित की जाएगी।
कार्यक्रम के दौरान युवाओं को पिछले 12 वर्षों में देश के खेल क्षेत्र में हुए बदलावों और विकास की जानकारी दी जाएगी। इसके साथ ही खेल और राष्ट्र निर्माण से जुड़े विषयों पर युवाओं के विचार, सुझाव और आकांक्षाएं भी साझा की जाएंगी।
प्रधानमंत्री के संबोधन के बाद स्थानीय स्तर पर युवा संवाद आयोजित होगा। इसमें माय भारत स्वयंसेवकों, एनएसएस स्वयंसेवकों और स्थानीय खिलाड़ियों के बीच विशेष संवाद सत्र होगा। इस दौरान देश के खेल बुनियादी ढांचे में हुए बदलाव, विकसित हो रहे खेल पारिस्थितिकी तंत्र और युवाओं के लिए उपलब्ध खेल अवसरों पर चर्चा की जाएगी।
करीब 15 मिनट के युवा संवाद में युवाओं को अपने विचार और सुझाव रखने का अवसर मिलेगा। युवाओं के सुझाव क्यूआर कोड के माध्यम से भी प्राप्त किए जाएंगे। साथ ही प्रतिभागियों को VBYLD क्विज राउंड में शामिल होने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
संवाद के दौरान जमीनी स्तर तक खेल सुविधाएं और कोचिंग के अवसर पहुंचाने, 2036 ओलंपिक के लिए प्रतिभाओं को तैयार करने, युवा नेतृत्व एवं शासन में युवाओं की भागीदारी बढ़ाने और विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की भूमिका जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा होगी।
माय भारत चम्पावत ने जिले के युवाओं से अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में प्रतिभाग करने की अपील की है। आयोजकों के अनुसार यह पहल युवाओं को खेल, नेतृत्व, कौशल विकास और राष्ट्र निर्माण से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।