🔊
चम्पावत के 4 विद्यालयों के उच्चीकरण को शासन की हरी झंडी; धासम बना हाईस्कूल, सल्ली, पल्सों और डुंगरालेटी अब इंटर कॉलेज
चम्पावत:
सीमांत जनपद चम्पावत के छात्र-छात्राओं और अभिभावकों के लिए शिक्षा के क्षेत्र से बड़ी और राहत भरी खबर सामने आई है। उत्तराखंड शासन ने जनपद के चार विद्यालयों के उच्चीकरण (Upgradation) के प्रस्ताव को आधिकारिक मंजूरी दे दी है। सचिव माध्यमिक शिक्षा ज्योति यादव द्वारा 25 अगस्त 2026 को इस संबंध में शासनादेश जारी कर दिया गया है।
शासन द्वारा जारी आदेश के अनुसार, लोहाघाट विधानसभा क्षेत्र के राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय (जूनियर हाईस्कूल) धासम को उच्चीकृत कर हाईस्कूल का दर्जा दिया गया है। वहीं जनपद के तीन प्रमुख हाईस्कूलों को प्रमोट कर राजकीय इंटरमीडिएट कॉलेज बना दिया गया है।
चम्पावत जिले में इन विद्यालयों का हुआ उच्चीकरण
हाईस्कूल में उच्चीकृत विद्यालय (जूनियर हाईस्कूल से):
रा०उ०प्रा०वि० धासम (विधानसभा: लोहाघाट)
इंटर स्तर पर उच्चीकृत विद्यालय (हाईस्कूल से):
रा०उ०मा०वि० सल्ली (विधानसभा: चम्पावत)
रा०उ०मा०वि० पल्सों (विधानसभा: चम्पावत)
रा०उ०मा०वि० डुंगरालेटी (विधानसभा: लोहाघाट)
शिक्षकों और प्रधानाचार्यों के नए पदों का सृजन
शासनादेश के तहत विद्यालयों के उच्चीकरण के साथ-साथ पदों की वित्तीय व प्रशासनिक स्वीकृति भी प्रदान की गई है:
हाईस्कूल स्तर पर प्रधानाध्यापक (लेवल-10) सहित सहायक अध्यापक (एलटी) के विभिन्न विषयों के पदों का सृजन व समायोजन किया जाएगा।
इंटरमीडिएट स्तर पर प्रत्येक विद्यालय के लिए प्रधानाचार्य (लेवल-12) और 10-10 प्रवक्ताओं (लेवल-8) के पदों की व्यवस्था की गई है।
उच्चीकृत विद्यालयों में कार्यरत शिक्षकों/प्रधानाध्यापकों को शासनादेश जारी होने की तिथि से 3 माह के भीतर आवश्यकतानुसार अन्यत्र समायोजित किया जाएगा।
ग्रामीण क्षेत्रों में इन विद्यालयों के इंटर और हाईस्कूल स्तर पर उच्चीकृत होने से स्थानीय बच्चों, विशेषकर बालिकाओं को दूर-दराज के क्षेत्रों में जाने की परेशानी से मुक्ति मिलेगी और गांव स्तर पर ही 12वीं तक की बेहतर शिक्षा उपलब्ध हो सकेगी।
खबर से जुड़ी अन्य तस्वीरें: