🔊
मां बाराही देवीधुरा बग्वाल मेले के लिए यातायात एवं पार्किंग प्लान जारी।
चम्पावत। मां बाराही देवीधुरा बग्वाल मेले में श्रद्धालुओं की सुविधा, सुगम यातायात और सुरक्षित आवागमन को लेकर चम्पावत पुलिस ने विस्तृत यातायात एवं पार्किंग प्लान जारी किया है। मेले के दौरान भीड़ को देखते हुए कई मार्गों पर वाहनों का संचालन प्रतिबंधित रहेगा, जबकि जरूरत पड़ने पर वाहनों को वैकल्पिक मार्गों से डायवर्ट किया जाएगा।
देवीधुरा तिराहा से मुख्य बाजार और मंदिर की ओर सभी वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। तिराहे पर बैरियर लगाया जाएगा। हल्द्वानी रोड से आने वाले श्रद्धालुओं को कनवाड़ बैंड से हनुमान मंदिर तक शटल सेवा से आवागमन कराया जाएगा।
हल्द्वानी की ओर से आने वाले वाहनों के लिए पार्किंग नंबर-1 और नंबर-2 निर्धारित की गई है। दोपहिया वाहनों की पार्किंग मेहरा होटल के पास पार्किंग नंबर-1 तथा आवश्यकता के अनुसार पार्किंग नंबर-2 में होगी। वहीं, खोलीखाड़ ग्राउंड से मुख्य बाजार की ओर वाहनों का आवागमन भी प्रतिबंधित रहेगा।
पाटी-लोहाघाट मार्ग से आने वाले वाहनों की पार्किंग पुलिस चौकी देवीधुरा के सामने और निर्धारित चौड़े स्थानों पर कराई जाएगी। लोहाघाट से आने वाली टैक्सियों की सवारियों को पुलिस चौकी बैरियर के पास उतारकर वाहनों को निर्धारित पार्किंग स्थलों पर खड़ा कराया जाएगा।
अति आवश्यक और विशिष्ट महानुभावों के वाहनों को निर्धारित परिक्रमा मार्ग से संचालित किया जाएगा। इनके लिए संस्कृत महाविद्यालय ग्राउंड में पार्किंग की व्यवस्था रहेगी।
पुलिस के अनुसार कनवाड़ बैंड से हल्द्वानी की ओर आने-जाने वाले वाहनों को आवश्यकता पड़ने पर ढोलीगांव मार्ग से डायवर्ट किया जाएगा। देवीधुरा कस्बे में अत्यधिक भीड़ होने की स्थिति में हल्द्वानी से पाटी, लोहाघाट, पिथौरागढ़ और चम्पावत जाने वाले वाहनों को वालिक चैक पोस्ट से रीठाखाल-रिगलबैंड मार्ग से डायवर्ट किया जाएगा।
इसी तरह रिगलबैंड से हल्द्वानी और नैनीताल जाने वाले वाहनों को आवश्यकता पड़ने पर रीठाखाल होते हुए वालिक चैक पोस्ट की ओर भेजा जाएगा।
चम्पावत पुलिस ने श्रद्धालुओं और वाहन चालकों से निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही वाहन खड़ा करने तथा यातायात पुलिस के निर्देशों का पालन करने की अपील की है। पुलिस ने लोगों से मेले के दौरान यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने को कहा है।