🔊
बग्वाल मेले में श्रद्धालुओं का मेहमानों की तरह करें स्वागत, बनाएं अपना ब्रांड एंबेसडर: डीएम।
जिलाधिकारी मनीष कुमार की अपील-अतिथि सत्कार से देश-विदेश में बढ़ेगी चंपावत की पहचान, धार्मिक पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा।
चंपावत। विश्व प्रसिद्ध देवीधुरा बग्वाल मेले में पहुंचने वाले देश-विदेश के श्रद्धालुओं का स्वागत केवल आगंतुकों के रूप में नहीं, बल्कि मेहमानों की तरह किया जाए। श्रद्धालु यहां से सुखद अनुभव लेकर लौटें और आने वाले समय में अपने साथ अन्य लोगों को भी मेले में लेकर आएं। यह बात जिलाधिकारी मनीष कुमार ने कही।
जिलाधिकारी ने कहा कि देवीधुरा का बग्वाल मेला अपनी अनूठी परंपराओं, समृद्ध संस्कृति और आस्था के लिए पूरी दुनिया में विशिष्ट पहचान रखता है। यह मेला केवल मॉडल जिला चंपावत की पहचान नहीं, बल्कि देवभूमि उत्तराखंड की सांस्कृतिक विरासत का भी महत्वपूर्ण हिस्सा है। उन्होंने जिलेवासियों से अपील की कि मेले में आने वाले श्रद्धालुओं के साथ आत्मीयता और सम्मान से पेश आएं। उनका ऐसा स्वागत और सत्कार करें कि वे चंपावत की खूबसूरत यादें अपने साथ लेकर जाएं और जिले के ‘ब्रांड एंबेसडर’ बनकर दूसरों को भी यहां आने के लिए प्रेरित करें। डीएम ने कहा कि श्रद्धालुओं के सकारात्मक अनुभव से चंपावत में धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा। साथ ही इसका लाभ उत्तराखंड के अन्य जिलों को भी मिलेगा और प्रदेश में पर्यटन गतिविधियों को नई गति मिल सकेगी।
फोटो : जिलाधिकारी मनीष कुमार।