🔊
चम्पावत में बनेगा आधुनिक ऑल वेदर स्विमिंग पूल, 9.52 करोड़ से विकसित होंगी खेल सुविधाएं
चम्पावत, 27 अगस्त। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की घोषणा के क्रम में चम्पावत जिले में खेल सुविधाओं के विस्तार को बड़ी गति मिली है। जिले में करीब 9.52 करोड़ रुपये की लागत से आधुनिक ऑल वेदर स्विमिंग पूल का निर्माण किया जाएगा। परियोजना को स्वीकृति मिलने के साथ ही इसकी टेंडर प्रक्रिया भी पूरी हो चुकी है।
पूल्ड आवास के पास स्थित गेस्ट हाउस के समीप बनने वाला यह स्विमिंग पूल बच्चों, युवाओं और खिलाड़ियों को वर्षभर तैराकी के प्रशिक्षण एवं अभ्यास की सुविधा उपलब्ध कराएगा। परियोजना के तहत स्विमिंग पूल के साथ शूटिंग रेंज, चेंजिंग रूम और लॉन टेनिस कोर्ट का भी निर्माण किया जाएगा।
परियोजना प्रबंधक निर्माण इकाई खेल रवीन्द्र कुमार ने बताया कि ऑल वेदर स्विमिंग पूल बनने से जिले के बच्चों और युवाओं को नियमित प्रशिक्षण का बेहतर अवसर मिलेगा। इससे स्थानीय खिलाड़ियों को विभिन्न प्रतियोगिताओं की तैयारी करने में भी मदद मिलेगी।
जिलाधिकारी मनीष कुमार ने परियोजना की स्वीकृति और टेंडर प्रक्रिया पूर्ण होने पर खुशी जताते हुए कहा कि आधुनिक खेल सुविधाओं के विकास से युवाओं और बच्चों को अपनी प्रतिभा निखारने के लिए बेहतर मंच मिलेगा। प्रशासन का प्रयास है कि चम्पावत में विभिन्न खेल विधाओं के लिए आवश्यक आधारभूत सुविधाएं विकसित की जाएं।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के ‘खेलो इंडिया’ विजन के अनुरूप खेल सुविधाओं का विस्तार युवाओं को खेलों से जोड़ने और स्थानीय प्रतिभाओं को उचित मंच प्रदान करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। ऑल वेदर स्विमिंग पूल सहित अन्य खेल सुविधाओं के निर्माण से जिले में खेल संस्कृति को मजबूती मिलने के साथ नई प्रतिभाओं को आगे बढ़ने के अवसर मिलेंगे।