🔊
NEET में सफलता हासिल कर भुवनेश जोशी ने बढ़ाया चम्पावत का मान, जिलाधिकारी ने पुस्तक भेंटकर किया सम्मानित, उज्ज्वल भविष्य की दी शुभकामनाएं।
NEET में सफलता हासिल कर भुवनेश जोशी ने बढ़ाया चम्पावत का मान,
जिलाधिकारी ने पुस्तक भेंटकर किया सम्मानित, उज्ज्वल भविष्य की दी शुभकामनाएं।
चम्पावत, 29 अगस्त 2026 (सू.वि.)।
लोहाघाट निवासी भुवनेश जोशी ने NEET UG परीक्षा 2026 में प्रथम प्रयास में सफलता हासिल कर जनपद चम्पावत का नाम रोशन किया है। उनकी इस उपलब्धि पर जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार ने उन्हें पुस्तक भेंटकर सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
जिलाधिकारी ने कहा कि भुवनेश जैसे प्रतिभावान युवाओं की सफलता अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणादायी है। उन्होंने भुवनेश को भविष्य में एक अच्छे चिकित्सक बनकर दुर्गम एवं दूरस्थ क्षेत्रों में अपनी सेवाएं देने का आह्वान किया।
इस अवसर पर जिलाधिकारी ने भुवनेश के पिता श्री आलोक जोशी को भी सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि बेटे की सफलता परिवार के साथ-साथ पूरे जनपद के लिए गर्व और खुशी का विषय है।
निकट ट्रेजरी, लोहाघाट निवासी भुवनेश जोशी ने बताया कि उन्होंने कक्षा 12वीं में 95.8 प्रतिशत अंक प्राप्त कर अपने इंटर कॉलेज में प्रथम स्थान हासिल किया था। इसके बाद उन्होंने NEET की तैयारी शुरू की और प्रथम प्रयास में 38,352 रैंक प्राप्त कर सोबन सिंह जीना गवर्नमेंट इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज एंड रिसर्च में प्रवेश प्राप्त किया है।
भुवनेश ने बताया कि उन्होंने घर पर रहकर ही NEET की तैयारी की। ऑनलाइन कोर्स के माध्यम से अध्ययन करते हुए उन्होंने नियमित रूप से मेहनत की और लक्ष्य पर ध्यान केंद्रित रखा। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय ईश्वर, माता-पिता और गुरुजनों को देते हुए उनका आभार व्यक्त किया।
भुवनेश की इस उपलब्धि से क्षेत्र में खुशी का माहौल है। उनकी सफलता ने यह साबित किया है कि सीमित संसाधनों के बावजूद दृढ़ संकल्प, निरंतर मेहनत और सही मार्गदर्शन के बल पर विद्यार्थी अपने लक्ष्य को हासिल कर सकते हैं। भुवनेश की उपलब्धि जनपद के अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणास्रोत बनी है।