🔊
राष्ट्रीय खेल दिवस पर टनकपुर में U-17 महिला फुटबॉल टूर्नामेंट, ऑरेंज टीम बनी विजेता।
मनीषा धामी के शानदार प्रदर्शन से ऑरेंज टीम ने ग्रीन टीम को 2-1 से हराया
चंपावत, 29 अगस्त 2026 (सू.वि.)।
स्वर्गीय मेजर ध्यानचंद के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में राष्ट्रीय खेल दिवस 2026 के अवसर पर खेलो इंडिया साई फुटबॉल सेंटर, स्पोर्ट्स स्टेडियम टनकपुर में बालिका वर्ग U-17 के लिए एक दिवसीय महिला फुटबॉल टूर्नामेंट का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में युवा महिला खिलाड़ियों ने उत्साह और खेल प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता का उद्देश्य युवा महिला खिलाड़ियों में खेल भावना, अनुशासन, सहकारिता और प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता को बढ़ावा देना तथा उन्हें अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए बेहतर मंच उपलब्ध कराना रहा।
खेलो इंडिया फुटबॉल प्रशिक्षक पवनेश पाटनी के निर्देशन में आयोजित टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला ऑरेंज टीम और ग्रीन टीम के बीच खेला गया। रोमांचक मुकाबले में ऑरेंज टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ग्रीन टीम को 2-1 से पराजित कर खिताब अपने नाम किया।
ऑरेंज टीम की खिलाड़ी मनीषा धामी ने शानदार खेल कौशल का प्रदर्शन करते हुए निर्णायक भूमिका निभाई और अपनी टीम की जीत में महत्वपूर्ण योगदान दिया। वहीं ग्रीन टीम की ओर से रितु ने बेहतरीन जुझारूपन दिखाते हुए अपनी टीम के लिए एक महत्वपूर्ण गोल किया।
इस अवसर पर उपस्थित अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल प्रतियोगिताएं युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। प्रदेश में खेल सुविधाओं और खिलाड़ियों को लगातार मिल रहे प्रोत्साहन से सीमांत क्षेत्र की युवा प्रतिभाओं को भी आगे बढ़ने के अवसर मिल रहे हैं।
आयोजन में क्षेत्र के पूर्व खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों ने भी खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया। इस दौरान पूर्व खिलाड़ी दीपक पचौली, केशव सिंह भंडारी, राजेंद्र खुरदयाल और नेशनल गेम्स मेडलिस्ट अजय बिष्ट मौजूद रहे।
इसके अलावा खेल विभाग से स्पोर्ट्स हॉस्टल बॉक्सिंग प्रशिक्षक ललित मोहन कुंवर, बॉक्सिंग प्रशिक्षक सूरज पांडे, हॉकी प्रशिक्षक प्रकाश सिंह, बास्केटबॉल प्रशिक्षक सुभाष पांडे, हीरा सहित बड़ी संख्या में स्थानीय खेल प्रेमी और उदीयमान खिलाड़ी उपस्थित रहे।
आयोजकों ने कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताएं युवा महिला खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा निखारने और भविष्य में राज्य एवं देश का प्रतिनिधित्व करने के लिए प्रेरित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी।