🔊
मिलावटखोरी पर नकेल: चम्पावत में खाद्य सुरक्षा विभाग का चेकिंग अभियान, 5 खाद्य नमूने लिए।
मिठाई और जनरल स्टोरों का किया निरीक्षण, जांच रिपोर्ट के बाद होगी नियमानुसार कार्रवाई
चम्पावत, 29 अगस्त 2026 (सू.वि.)।
खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने और मिलावटखोरी पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा शनिवार को जनपद चम्पावत के मुड़ियानी, पुलिस लाइन समेत विभिन्न क्षेत्रों में व्यापक चेकिंग अभियान चलाया गया।
आयुक्त FDA उत्तराखंड तथा जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार के निर्देशों के अनुपालन में चलाए गए अभियान के दौरान वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी योगिता तिवारी ने विभिन्न मिष्ठान प्रतिष्ठानों और जनरल स्टोरों का सघन निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की जांच के लिए बाल मिठाई, बेसन लड्डू, सोन पापड़ी, बूंदी की मिठाई और बेसन सहित कुल 5 नमूने लिए गए। सभी नमूनों को गुणवत्ता जांच के लिए राज्य खाद्य विश्लेषक, राजकीय प्रयोगशाला भेजा गया है। प्रयोगशाला से जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद रिपोर्ट के आधार पर नियमानुसार अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
अभियान के दौरान खाद्य कारोबारियों को अनिवार्य रूप से FSSAI लाइसेंस बनवाने तथा उसे प्रतिष्ठान में स्पष्ट रूप से प्रदर्शित करने के निर्देश दिए गए। कारोबारियों को खाद्य सामग्रियों का क्रय-विक्रय पक्के बिल पर ही करने तथा उपभोक्ताओं को शुद्ध और गुणवत्तायुक्त खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के लिए भी निर्देशित किया गया।
खाद्य सुरक्षा विभाग ने कारोबारियों को एक्सपायरी अथवा कालातीत खाद्य पदार्थों की बिक्री पर पूर्ण प्रतिबंध के संबंध में भी चेतावनी दी। अधिकारियों ने प्रतिष्ठानों में खाद्य सामग्री की गुणवत्ता, स्वच्छता और वैधता को लेकर विशेष सावधानी बरतने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान सहायक दिनेश फर्त्याल भी मौजूद रहे। विभाग ने स्पष्ट किया कि खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा और नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।