🔊
सप्तकोशी परिक्रमा से चंपावत बनेगा नया शिव धाम।
मुख्यमंत्री की घोषणा का मनेश्वर धाम के पीठाधीश्वर धर्मराज पुरी महाराज ने किया स्वागत, बोले-शिव भक्तों के लिए खुलेगा आस्था का नया द्वार।
चंपावत। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा सप्तकोशी परिक्रमा को पुनर्जीवित कर चंपावत को शिव धाम के रूप में विकसित करने की घोषणा का साधु-संतों और धर्माचार्यों ने स्वागत किया है। विश्व प्रसिद्ध मनेश्वर धाम के पीठाधीश्वर धर्मराज पुरी महाराज ने कहा कि मुख्यमंत्री की यह पहल उन शिव भक्तों के लिए आस्था का नया केंद्र स्थापित करेगी, जो कैलाश मानसरोवर या आदि कैलाश की यात्रा करने में असमर्थ हैं।
उन्होंने कहा कि सप्तकोशी परिक्रमा के माध्यम से श्रद्धालु भगवान देवाधिदेव महादेव की आराधना कर सकेंगे। मुख्यमंत्री की घोषणा ने चंपावत में नए शिव धाम की स्थापना की संभावनाओं के द्वार खोले हैं और धार्मिक आस्था से जुड़े लोगों की लंबे समय से चली आ रही भावनाओं को सम्मान दिया है।
पीठाधीश्वर धर्मराज पुरी महाराज ने कहा कि मुख्यमंत्री जिस तरह चंपावत समेत पूरे उत्तराखंड को आध्यात्मिक पर्यटन के केंद्र के रूप में विकसित करने का प्रयास कर रहे हैं, उससे देश-विदेश के श्रद्धालुओं का ध्यान उत्तराखंड की ओर आकर्षित होगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में मुख्यमंत्री सनातन संस्कृति, प्रकृति और आध्यात्मिक विरासत को नई पहचान देने की दिशा में कार्य कर रहे हैं।
उन्होंने बताया कि सप्तकोशी परिक्रमा को लेकर विद्वान धर्माचार्यों और वेद-पुराणों के जानकारों से मार्गदर्शन लिया जा रहा है। मां बाराही मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष एवं धर्माचार्य हीरा बल्लभ जोशी ने भी इस कार्य में पूर्ण सहयोग और मार्गदर्शन देने की पेशकश की है। उन्होंने मुख्यमंत्री से हुई वार्ता के दौरान उनकी मंशा को उत्तराखंड को उसके पुरातन वैभव से जोड़ने वाला बताया।
धर्मराज पुरी महाराज के अनुसार मुख्यमंत्री की मंशा मनेश्वर धाम को कैलाश मानसरोवर यात्रा पर जाने वाले तीर्थ यात्रियों के प्रमुख पड़ाव के रूप में विकसित करने की भी है। इससे देश-विदेश से आने वाले तीर्थ यात्रियों को क्षेत्र के धार्मिक महत्व से परिचित कराने के साथ चंपावत के आध्यात्मिक पर्यटन को व्यापक पहचान मिल सकती है।
उन्होंने कहा कि सप्तकोशी परिक्रमा की योजना धरातल पर उतरने से चंपावत ही नहीं, पूरे क्षेत्र में आध्यात्मिक पर्यटन के नए युग की शुरुआत होगी। सप्तकोशी परिक्रमा का रोडमैप तैयार करने की प्रक्रिया जल्द शुरू की जा रही है।
फोटो मुख्यमंत्री की सप्तकोशी परिक्रमा को पुनर्जीवित कर चंपावत को शिव धाम बनाने की घोषणा का स्वागत करते मनेश्वर धाम के पीठाधीश्वर धर्मराज पुरी महाराज।