🔊
पनार नदी में डूबने से किशोर की मौत, दोस्तों के साथ गया था नहाने
सोमवार 26 मई — तहसील मुख्यालय जैंती के पास पनार नदी में नहाने गए एक किशोर की मौत हो गई। सोमवार दोपहर करीब 12 बजे जैंती के कुटौली गांव निवासी संजय कुमार (17) अपने चार साथियों के साथ योगेश सिंह की आल्टो कार से पनार पुल के पास नहाने पहुंचा था। सभी पुल से लगभग 100 मीटर नीचे एक गहरे तालाब में उतरे थे।
नहाने के दौरान संजय अचानक नदी के तेज भंवर में फंस गया। जब वह काफी देर तक बाहर नहीं आया तो साथियों ने शोर मचाकर मदद की गुहार लगाई। इसी दौरान स्थानीय निवासी कमलेश राणा वहां से गुजर रहे थे। उन्होंने नदी में उतरकर किशोर को बचाने की कोशिश की, लेकिन सफल नहीं हो सके।
कमलेश राणा ने तत्काल इसकी सूचना जैंती पुलिस चौकी को दी। सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी दिनेश परिहार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और स्थानीय गोताखोरों की मदद से संजय के शव को बाहर निकाला। तब तक संजय की मौत हो चुकी थी।
पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर मोर्चरी में रखवा दिया है। घटना से गांव में शोक की लहर है।