🔊
बाराकोट में पुलिस का नशे की खेती पर प्रहार, 20 नाली अवैध भांग की फसल नष्ट
चम्पावत। नशा मुक्त भारत अभियान के तहत चम्पावत पुलिस ने मादक पदार्थों की अवैध खेती के खिलाफ कार्रवाई करते हुए बाराकोट क्षेत्र में करीब 20 नाली भूमि में उगी अवैध भांग की फसल को नष्ट किया।
पुलिस अधीक्षक चम्पावत श्रीमती रेखा यादव के निर्देशानुसार जनपद में मादक पदार्थों की रोकथाम और नशे के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 30 अगस्त 2026 को थाना लोहाघाट की चौकी बाराकोट पुलिस टीम ने ग्राम तड़ीगांव के निकट करीब 20 नाली क्षेत्रफल में अवैध रूप से उगी भांग की खेती को चिन्हित किया। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर भांग की फसल को काटकर समूल नष्ट किया।
ग्रामीणों को भी किया जागरूक
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने स्थानीय ग्रामीणों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया। ग्रामीणों से अपने घरों, खेतों के आसपास, ग्राम समाज की बंजर भूमि और जंगलों के किनारे उगी भांग की फसल को स्वयं नष्ट करने तथा ऐसी अवैध खेती की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की गई।
पुलिस टीम ने ग्रामीणों को मानस हेल्पलाइन नंबर 1933 की जानकारी देते हुए नशा मुक्ति एवं मानसिक स्वास्थ्य से जुड़ी सहायता सेवाओं के बारे में भी अवगत कराया।
पुलिस ने लोगों से नशा मुक्त देवभूमि-नशा मुक्त भारत अभियान में सक्रिय सहयोग करने की अपील की। पुलिस का कहना है कि नशे के विरुद्ध लगातार कार्रवाई के साथ जन-जागरूकता ही सुरक्षित और स्वस्थ समाज की मजबूत आधारशिला है।