🔊
मानवाधिकार आयोग के सदस्य बने पूर्व डीएम हरिचंद्र सेमवाल।
पिथौरागढ़, 30 अगस्त। पिथौरागढ़ के पूर्व जिलाधिकारी एवं उत्तराखंड शासन में सचिव रहे आईएएस हरिचंद्र सेमवाल को उत्तराखंड मानवाधिकार आयोग का सदस्य मनोनीत किया गया है। उनके मनोनयन से सीमांत जनपद पिथौरागढ़ के विभिन्न सामाजिक संगठनों में खुशी का माहौल है। संगठनों ने उम्मीद जताई है कि सेमवाल मानवाधिकारों की सुरक्षा और आमजन के अधिकारों के संरक्षण की दिशा में प्रभावी कदम उठाएंगे।
हरिचंद्र सेमवाल ने अपने प्रशासनिक सेवाकाल में पिथौरागढ़ जिले में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभाली हैं। उन्होंने डीडीहाट में उप जिलाधिकारी के पद से अपनी राजकीय सेवा की शुरुआत की। इसके बाद वह पिथौरागढ़ में मुख्य विकास अधिकारी तथा दो बार जिलाधिकारी के पद पर भी रहे।
आम जनता की समस्याओं को प्राथमिकता के साथ सुनकर उनके समाधान के लिए प्रयास करने की कार्यशैली के चलते सेमवाल जनता के बीच खासे लोकप्रिय रहे हैं। उनके अनुभव और प्रशासनिक दक्षता को देखते हुए सामाजिक संगठनों ने मानवाधिकार आयोग में उनके कार्यकाल से आमजन को न्याय और अधिकारों की दिशा में सकारात्मक पहल की उम्मीद जताई है।