🔊
खेल और एडवेंचर का हब बनेगा चम्पावत, धामी सरकार ने तेज की तैयारियां।
गर्ल्स स्पोर्ट्स कॉलेज से लेकर स्विमिंग पूल, शूटिंग रेंज और लॉन टेनिस कोर्ट तक निर्माणाधीन; राफ्टिंग, पैराग्लाइडिंग और पैरामोटरिंग को भी मिलेगा बढ़ावा।
चम्पावत। पर्वतीय जनपद चम्पावत को खेल और एडवेंचर स्पोर्ट्स के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में तेजी से कदम बढ़ाए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के तहत जिले में खेल प्रतिभाओं को बेहतर प्रशिक्षण और आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं पर तेजी से कार्य चल रहा है।
इसी कड़ी में छमनीया में महिला स्पोर्ट्स कॉलेज (गर्ल्स स्पोर्ट्स कॉलेज) का क्रियान्वयन जारी है। प्रथम सत्र के लिए चयनित बच्चों को प्रशिक्षण दिया जा रहा है। वहीं करीब 9.52 करोड़ रुपये की लागत से स्विमिंग पूल, शूटिंग रेंज और लॉन टेनिस कोर्ट का निर्माण भी प्रगति पर है। इन सुविधाओं के विकसित होने के बाद जिले के खिलाड़ियों को स्थानीय स्तर पर ही आधुनिक प्रशिक्षण और अभ्यास की बेहतर सुविधा मिल सकेगी। जनपद में खेलों को गांव-गांव तक बढ़ावा देने के लिए छोटे खेल मैदानों को चरणबद्ध तरीके से मिनी स्टेडियम के रूप में विकसित किया जा रहा है। इसके साथ ही कोचों और खिलाड़ियों के प्रशिक्षण तंत्र को मजबूत करने पर भी जोर दिया जा रहा है। अग्निवीर परीक्षा की तैयारी कर रहे युवाओं की शारीरिक दक्षता को बेहतर बनाने के लिए प्रमुख स्थानों पर ओपन जिम स्थापित करने की योजना पर भी कार्य किया जा रहा है। खेल सुविधाओं के साथ चम्पावत में एडवेंचर स्पोर्ट्स को भी नई पहचान देने की तैयारी है। पर्यटन विभाग और तकनीकी एजेंसियों के माध्यम से राफ्टिंग, पैराग्लाइडिंग तथा पैरामोटरिंग जैसी साहसिक गतिविधियों की संभावनाओं को विकसित करने और युवाओं को इन गतिविधियों का प्रशिक्षण देने की दिशा में प्रभावी कदम उठाए जा रहे हैं।
खेल और साहसिक पर्यटन से जुड़ी इन परियोजनाओं के धरातल पर उतरने से जहां स्थानीय युवाओं को रोजगार और प्रतिभा निखारने के नए अवसर मिलेंगे, वहीं चम्पावत के पर्यटन को भी नई ऊंचाई मिलने की उम्मीद है। सरकार की यह पहल जनपद को खेल प्रतिभाओं की नई नर्सरी के साथ-साथ एडवेंचर टूरिज्म के प्रमुख केंद्र के रूप में स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित हो सकती है।
फोटो : चम्पावत में खेल सुविधाओं के विकास और एडवेंचर स्पोर्ट्स को बढ़ावा देने के लिए चल रहे विभिन्न कार्य।