🔊
जनता मिलन में सुनीं 60 शिकायतें, सीडीओ ने दिए त्वरित निस्तारण के निर्देश।
आपदा, पेयजल, सड़क, सोलर लाइट और पेंशन से जुड़े मामले प्रमुखता से उठे।
चंपावत। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के सुशासन और जनसमस्याओं के त्वरित निस्तारण के निर्देशों के क्रम में सोमवार को मुख्य विकास अधिकारी डॉ. जी.एस. खाती की अध्यक्षता में जनता मिलन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जिलेभर से पहुंचे लोगों ने अपनी समस्याएं और शिकायतें अधिकारियों के सामने रखीं।
जनता मिलन में कुल 60 शिकायतें दर्ज हुईं। इनमें आपदा से क्षतिग्रस्त पुल, सुरक्षा दीवार व नौलों के पुनर्निर्माण, पेयजल कनेक्शन, सोलर स्ट्रीट लाइट, कृषि भूमि की सुरक्षा, सड़क निर्माण व सुधार तथा दिव्यांग और वृद्धावस्था पेंशन से जुड़े मामले प्रमुख रहे।
सीडीओ ने संबंधित विभागों को शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित और समयबद्ध निस्तारण करने के निर्देश दिए। बाराकोट में क्षतिग्रस्त पैदल पुल के पुनर्निर्माण के लिए आपदा प्रबंधन और लोनिवि को संयुक्त स्थलीय निरीक्षण के निर्देश दिए गए। वहीं पेयजल कनेक्शन, राशन कार्ड, सोलर लाइट, गोशाला, आर्थिक सहायता और पेंशन से जुड़े मामलों में भी अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
सीडीओ डॉ. जी.एस. खाती ने कहा कि जनता मिलन में प्राप्त सभी शिकायतों का धरातल पर गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। जनसमस्याओं के समाधान में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस दौरान एडीएम कृष्णनाथ गोस्वामी सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी और फरियादी मौजूद रहे।
फोटो : चंपावत में आयोजित जनता मिलन कार्यक्रम में फरियादियों की समस्याएं सुनते मुख्य विकास अधिकारी डॉ. जी.एस. खाती व मौजूद जिला स्तरीय अधिकारी।