🔊
01 सितंबर को चम्पावत आएंगे मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, खेल महाकुंभ का करेंगे शुभारंभ और सैनिक स्मारक का लोकार्पण
चम्पावत, 31 अगस्त 2026। प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी मंगलवार, 01 सितंबर को जनपद चम्पावत के भ्रमण पर रहेंगे। अपने भ्रमण के दौरान मुख्यमंत्री टनकपुर में ‘खेल महाकुंभ-मुख्यमंत्री चैम्पियनशिप ट्रॉफी-2026’ का भव्य शुभारंभ करेंगे। इसके साथ ही बनबसा में नव-निर्मित सैनिक स्मारक का लोकार्पण भी करेंगे।
जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार ने मुख्यमंत्री के भ्रमण कार्यक्रम की जानकारी देते हुए बताया कि मुख्यमंत्री श्री धामी दोपहर 12:00 बजे खटीमा से कार द्वारा प्रस्थान कर 12:30 बजे स्व. कैलाश चन्द्र गहतोड़ी स्पोर्ट्स स्टेडियम, टनकपुर पहुंचेंगे।
मुख्यमंत्री दोपहर 12:30 बजे से 02:00 बजे तक आयोजित ‘खेल महाकुंभ-मुख्यमंत्री चैम्पियनशिप ट्रॉफी-2026’ के शुभारंभ कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में प्रतिभाग करेंगे। कार्यक्रम को लेकर खेल प्रेमियों और खिलाड़ियों में उत्साह है।
इसके बाद दोपहर 02:05 बजे से 02:35 बजे तक मुख्यमंत्री का समय पर्यटक आवास गृह, टनकपुर में आरक्षित रहेगा। इसके पश्चात वे 02:40 बजे कार द्वारा बनबसा के लिए प्रस्थान करेंगे।
मुख्यमंत्री श्री धामी अपराह्न 03:00 बजे सैनिक स्मारक, बनबसा पहुंचेंगे, जहां वे नव-निर्मित सैनिक स्मारक का भव्य लोकार्पण करेंगे। सैनिक स्मारक लोकार्पण कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री 03:45 बजे बनबसा से कार द्वारा प्रस्थान कर सायं 04:00 बजे खटीमा के लिए रवाना होंगे।
मुख्यमंत्री के जनपद भ्रमण को लेकर जिला प्रशासन द्वारा कार्यक्रम की तैयारियां पूरी की जा रही हैं।