🔊
चम्पावत: अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की काउंटडाउन श्रृंखला में रंगोली प्रतियोगिता का आयोजन, महिलाओं ने बनाई शानदार रंगोली
चम्पावत, 26 मई 2025
अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की 11वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में जनपद चम्पावत में विभिन्न कार्यक्रमों की श्रृंखला जारी है। इसी क्रम में सोमवार को लोहाघाट स्थित आयुष्मान आरोग्य मंदिर (योगा हॉल) में रंगोली प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन आयुष विभाग द्वारा किया गया, जिसका संचालन डॉ. आनन्द सिंह गुसाईं, जिला आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी, तथा डॉ. प्रकाश सिंह, जिला नोडल अधिकारी, अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के नेतृत्व में हुआ।
इस प्रतियोगिता में योग साधिका श्रीमती सोनिया आर्या के मार्गदर्शन में महिला योग साधकों की पाँच टीमों ने भाग लिया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि श्रीमती ज्योति राय, प्रशासक, जिला पंचायत अध्यक्ष, चम्पावत रहीं। उन्होंने महिलाओं को योग को अपनी दिनचर्या में शामिल करने की प्रेरणा दी और कहा कि "स्वस्थ महिला ही स्वस्थ परिवार की आधारशिला होती है।"
डॉ. आनन्द सिंह गुसाईं ने बताया कि इस प्रकार की गतिविधियाँ महिलाओं को योग के प्रति जागरूक बनाने तथा उन्हें इससे जुड़ने हेतु प्रेरित करती हैं। उन्होंने यह भी बताया कि अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अंतर्गत पिछले दो महीनों से प्रदेशभर में योग से संबंधित विविध कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं। जनपद चम्पावत में 1 मई 2025 से नियमित रूप से योग गतिविधियाँ चलाई जा रही हैं, जिनका उद्देश्य आमजन को योग के लाभों से अवगत कराते हुए रोगमुक्त जीवन की ओर प्रेरित करना है।