🔊
बाराकोट प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में मासिक समीक्षा बैठक सम्पन्न, विश्व तंबाकू निषेध दिवस के लिए बनी कार्ययोजना
बाराकोट, 20 मई 2025:
प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र वाराकोट में आज प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. मंजीत सिंह की अध्यक्षता में मासिक कार्य प्रगति समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में मई माह के दौरान किए गए स्वास्थ्य गतिविधियों की समीक्षा की गई, साथ ही आगामी 31 मई को मनाए जाने वाले "विश्व तंबाकू निषेध दिवस" को लेकर कार्ययोजना तैयार की गई।
बैठक में निर्णय लिया गया कि सभी चिकित्सा इकाइयों, विद्यालयों और समुदाय स्तर पर तंबाकू उत्पादों के दुष्प्रभावों एवं तंबाकू जनित बीमारियों के प्रति जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। इसके अंतर्गत आमजन को नशा छोड़ने हेतु शपथ ग्रहण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
डॉ. मंजीत सिंह ने बताया कि तंबाकू जनस्वास्थ्य के लिए एक बड़ा खतरा है और इससे जुड़ी बीमारियों से बचाव के लिए सामूहिक जागरूकता अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने सभी स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे इस दिन को सफल बनाने के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करें। इस कार्यक्रम के अवसर पर आरबीएसके दल, सीएचओ (कम्युनिटी हेल्थ ऑफिसर) और आशा कार्यकर्ताओं की टीम के सहयोग से विभिन्न काउंसलिंग सत्र और गोष्ठियों का आयोजन किया जाएगा, ताकि समुदाय को तंबाकू से होने वाले गंभीर स्वास्थ्य प्रभावों के बारे में जागरूक किया जा सके। यह पहल क्षेत्र में स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम होगा।
बैठक में प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. मंजीत सिंह के साथ-साथ एचवी शांति देवी, जोगेंद्र सिंह, दीपक जोशी, प्राची सिंह, आराधना कुंवर, कविता कोहली, किरण, लक्ष्मी देवी, रश्मि टम्टा, कंचन, सपना, ज्योति, ज्योत्स्ना, विनीता राणा, नीमा, चंद्रकला, विमला सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित रहे।