🔊
257 करोड़ का गर्ल्स स्पोर्ट्स कॉलेज बनेगा बेटियों की उड़ान का नया ठिकाना, डीएम मनीष कुमार ने छमनियां में निर्माणाधीन स्पोर्ट्स कॉलेज का किया निरीक्षण, बोले-गुणवत्ता से समझौता नहीं, तय समय में पूरा करें काम।
लोहाघाट। जिले में बालिका खिलाड़ियों को अत्याधुनिक खेल सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए करीब 257 करोड़ रुपये की लागत से तैयार किए जा रहे गर्ल्स स्पोर्ट्स कॉलेज की निर्माण गति को लेकर प्रशासन ने निगरानी तेज कर दी है। बुधवार को जिलाधिकारी मनीष कुमार ने छमनियां स्थित निर्माणाधीन स्पोर्ट्स कॉलेज का स्थलीय निरीक्षण कर कार्यों की प्रगति का जायजा लिया।
डीएम ने कार्यदायी संस्था के अधिकारियों और अभियंताओं से परियोजना के विभिन्न निर्माण कार्यों की जानकारी ली। उन्होंने हॉस्टल ब्लॉक, टाइप-2 व टाइप-3 आवासीय ब्लॉक, वॉलीबॉल एवं फुटबॉल ग्राउंड, मल्टीपर्पज हॉल समेत प्रस्तावित खेल सुविधाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्माण की गुणवत्ता, सुरक्षा मानकों और आगामी कार्ययोजना की भी समीक्षा की।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्माण कार्यों में गुणवत्ता और निर्धारित मानकों से किसी भी स्तर पर समझौता न किया जाए। उन्होंने आवश्यक समन्वय के साथ निर्माण कार्यों को चरणबद्ध तरीके से तेजी से आगे बढ़ाते हुए निर्धारित समयसीमा में पूरा करने को कहा।
डीएम ने कहा कि गर्ल्स स्पोर्ट्स कॉलेज प्रदेश की बालिका खिलाड़ियों के लिए बड़ी सौगात साबित होगा। आधुनिक खेल सुविधाओं और बेहतर प्रशिक्षण संसाधनों से यहां की बेटियों को अपनी प्रतिभा निखारने के साथ राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाने का मंच मिलेगा।
निरीक्षण के दौरान उप जिलाधिकारी लोहाघाट नीतू डांगर, प्रोजेक्ट मैनेजर केशव महाराज सिंह सहित कार्यदायी संस्था के अधिकारी, अभियंता और संबंधित कार्मिक मौजूद रहे।
फोटो : छमनियां में निर्माणाधीन गर्ल्स स्पोर्ट्स कॉलेज का निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की प्रगति की जानकारी लेते जिलाधिकारी मनीष कुमार।