🔊
कांडा में लगा पशु चिकित्सा शिविर, लम्पी स्किन डिजीज के खिलाफ चला टीकाकरण अभियान
चम्पावत, 02 सितंबर 2026। लम्पी स्किन डिजीज (LSD) की रोकथाम को लेकर पशुपालन विभाग ने जिले में टीकाकरण एवं जागरूकता अभियान तेज कर दिया है। जिलाधिकारी मनीष कुमार के निर्देशों के अनुपालन में बुधवार को राजकीय पशु चिकित्सालय (सचल), चम्पावत की ओर से विकासखंड पाटी के ग्राम कांडा में एक दिवसीय पशु चिकित्सा एवं टीकाकरण शिविर आयोजित किया गया।
मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. वसुंधरा गर्ब्याल ने बताया कि क्षेत्र में गोवंशीय पशुओं को लम्पी स्किन डिजीज से सुरक्षित रखने के उद्देश्य से विशेष अभियान चलाया गया। शिविर के दौरान बड़ी संख्या में गोवंशीय पशुओं का टीकाकरण किया गया।
इस दौरान पशुपालकों को लम्पी स्किन डिजीज के लक्षण, रोकथाम एवं बचाव के उपायों की विस्तार से जानकारी दी गई। विभागीय टीम ने बीमार एवं पीड़ित पशुओं का स्वास्थ्य परीक्षण किया और उन्हें नि:शुल्क औषधियां भी वितरित कीं।
पशुपालकों को बदलते मौसम में पशुओं के खान-पान, साफ-सफाई एवं उचित देखभाल को लेकर आवश्यक सुझाव भी दिए गए। स्थानीय पशुपालकों ने शासन-प्रशासन की इस पहल की सराहना करते हुए आभार जताया।
शिविर के सफल संचालन में सचल दल के पशु चिकित्सा अधिकारी एवं पशु चिकित्सा फार्मेसी अधिकारी ने सहयोग किया।
खबर से जुड़ी अन्य तस्वीरें: