🔊
ऐड़ी बालकृष्ण मेला भिंगराड़ा को लेकर यातायात प्लान जारी, 3 सितंबर से लागू होगी नई व्यवस्था।
चम्पावत। ऐड़ी बालकृष्ण मेला भिंगराड़ा में श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ को देखते हुए चम्पावत पुलिस ने यातायात व्यवस्था का प्लान जारी किया है। यह व्यवस्था 3 सितंबर को सुबह 8 बजे से 5 सितंबर को मेला समाप्ति तक लागू रहेगी। पुलिस ने श्रद्धालुओं एवं वाहन चालकों से निर्धारित पार्किंग और वन-वे व्यवस्था का पालन करने की अपील की है।
पुलिस के अनुसार धूनाघाट, लोहाघाट और पाटी की ओर से मेला स्थल पहुंचने वाले वाहनों को खरही चौराहा के पास खरही सड़क एवं वन विभाग की ओर जाने वाली सड़क के किनारे निर्धारित स्थान पर पार्क किया जाएगा। यहां से श्रद्धालुओं को पैदल मेला स्थल तक जाना होगा।
वहीं, रीठा साहिब की ओर से आने वाले श्रद्धालुओं के वाहनों को देशी शराब भट्टी एवं राजस्व पटवारी चौकी से पहले सड़क किनारे निर्धारित स्थान पर पार्क कराया जाएगा।
लोहाघाट, पाटी और धूनाघाट की ओर से रीठा साहिब जाने वाले बड़े वाहन, चारपहिया और दुपहिया वाहन खरही चौराहा से वन-वे व्यवस्था के तहत भिंगराड़ा होते हुए आगे जा सकेंगे। इसी तरह रीठा साहिब से धूनाघाट, लोहाघाट और पाटी की ओर आने वाले वाहन शराब भट्टी/राजस्व चौकी बैरियर से वन-वे व्यवस्था में शामिल होकर अपने गंतव्य की ओर जाएंगे।
धार्मिक कार्यक्रमों के दौरान मंदिर क्षेत्र में यातायात बंद
ऐड़ी बालकृष्ण मंदिर मुख्य सड़क के समीप होने के कारण कलश यात्रा, डोला भ्रमण एवं अन्य प्रमुख धार्मिक कार्यक्रमों के दौरान मंदिर क्षेत्र में यातायात पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। श्रद्धालुओं की सुरक्षा और भीड़ नियंत्रण के लिए आवश्यकतानुसार यातायात को नियंत्रित या डायवर्ट किया जाएगा।
पुलिस ने बताया कि एम्बुलेंस, अग्निशमन वाहन और आवश्यक वस्तुओं से जुड़े वाहनों को उनके गंतव्य तक पहुंचाने के लिए जरूरत के अनुसार विशेष व्यवस्था की जाएगी।
चम्पावत पुलिस ने मेला श्रद्धालुओं एवं आमजन से निर्धारित पार्किंग स्थलों का ही प्रयोग करने, वन-वे यातायात व्यवस्था का पालन करने और पुलिसकर्मियों के निर्देशों का सहयोगपूर्वक पालन करने की अपील की है। पुलिस ने कहा कि श्रद्धालुओं के सहयोग से ही मेले के दौरान सुरक्षित एवं सुगम यातायात व्यवस्था सुनिश्चित की जा सकेगी।