🔊
डबल लॉक में सुरक्षित मिलीं ईवीएम और वीवीपैट मशीनें, जिलाधिकारी ने किया त्रैमासिक निरीक्षण।
चम्पावत, 03 सितम्बर 2026। जिलाधिकारी मनीष कुमार ने गुरुवार को राजनीतिक दलों के पदाधिकारियों की मौजूदगी में ईवीएम वेयरहाउस का त्रैमासिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान वेयरहाउस में सुरक्षित रखी गई ईवीएम एवं वीवीपैट मशीनें निर्धारित मानकों के अनुसार डबल लॉक व्यवस्था में सुरक्षित पाई गईं।
जिलाधिकारी ने वेयरहाउस की सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए विद्युत व्यवस्था, सीसीटीवी कंट्रोल रूम, साफ-सफाई और सुरक्षा प्रबंधन का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को वेयरहाउस की सुरक्षा और रखरखाव से जुड़े सभी निर्धारित मानकों का लगातार पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान तहसीलदार चम्पावत बृजमोहन आर्या, तहसीलदार लोहाघाट मुईनुद्दीन, जिला सहायक निर्वाचन अधिकारी डी.एस. अधिकारी, भाजपा प्रतिनिधि रोहित बिष्ट, गौरव पांडे एवं सतीश चंद्र पांडे, कांग्रेस जिलाध्यक्ष चिराग सिंह फर्त्याल, कांग्रेस प्रतिनिधि धीरज सिंह सहित निर्वाचन विभाग के कर्मचारी मौजूद रहे।