🔊
चम्पावत में आवासीय क्रीड़ा छात्रावासों में प्रवेश के लिए 9-10 सितंबर को चयन ट्रायल।
चम्पावत, 03 सितम्बर 2026। खेल निदेशालय, उत्तराखंड के निर्देशानुसार वर्ष 2026-27 के लिए आवासीय क्रीड़ा छात्रावासों में बालक-बालिकाओं के प्रवेश हेतु जिला स्तरीय चयन ट्रायल आयोजित किए जाएंगे।
जिला क्रीड़ा अधिकारी के अनुसार 09 और 10 सितम्बर 2026 को सुबह 9 बजे से स्व. श्री कैलाश गहतोड़ी स्पोर्ट्स स्टेडियम, टनकपुर में चयन ट्रायल होंगे। जिला स्तर पर चयनित खिलाड़ी 15 और 16 सितम्बर 2026 को होने वाले राज्य स्तरीय चयन ट्रायल में प्रतिभाग करेंगे।
जिला स्तरीय ट्रायल फुटबॉल, बॉक्सिंग, एथलेटिक्स, बैडमिंटन, हॉकी, वॉलीबॉल और क्रिकेट खेलों में आयोजित किए जाएंगे। फुटबॉल, बॉक्सिंग और एथलेटिक्स में बालक एवं बालिका वर्ग में ट्रायल होंगे, जबकि बैडमिंटन, वॉलीबॉल और क्रिकेट में निर्धारित वर्ग के अनुसार खिलाड़ी प्रतिभाग करेंगे।
प्रत्येक खेल में जिला क्रीड़ा अधिकारी की संस्तुति के आधार पर 5 से 10 होनहार खिलाड़ियों को राज्य स्तरीय चयन ट्रायल के लिए भेजा जाएगा।
ट्रायल में प्रतिभाग करने वाले खिलाड़ी की आयु 01 जुलाई 2026 को 16 वर्ष से अधिक नहीं होनी चाहिए। प्रतिभागी का उत्तराखंड का मूल निवासी होना अनिवार्य है। इसके लिए चयन ट्रायल के समय सक्षम अधिकारी द्वारा जारी मूल निवास प्रमाण पत्र प्रस्तुत करना होगा।
इसके अलावा खिलाड़ियों को पासपोर्ट साइज फोटो युक्त निर्धारित आवेदन फार्म के साथ आयु एवं कक्षा का प्रमाण पत्र तथा मेडिकल फिटनेस प्रमाण पत्र प्रस्तुत करना होगा। सभी खिलाड़ियों को अपने संबंधित खेल की निर्धारित किट में ही ट्रायल में प्रतिभाग करना होगा।
इच्छुक अभ्यर्थी आवेदन पत्र जिला खेल कार्यालय चम्पावत से प्राप्त कर सकते हैं।