🔊
दिव्यांगजनों की समस्याओं के समाधान के लिए 25 सितंबर को संयुक्त मोबाइल कोर्ट।
चम्पावत, 03 सितम्बर 2026। दिव्यांगजनों की समस्याओं और उनके अधिकारों से जुड़े मामलों के प्रभावी समाधान के लिए 25 सितंबर 2026 को देहरादून में संयुक्त मोबाइल कोर्ट एवं शिकायत निवारण कैंप आयोजित किया जाएगा। इसका आयोजन मुख्य आयुक्त दिव्यांगजन, भारत सरकार एवं राज्य आयुक्त दिव्यांगजन, उत्तराखंड के संयुक्त तत्वावधान में हयात सैट्रिक, राजपुर रोड, देहरादून में प्रस्तावित है।
जिलाधिकारी मनीष कुमार ने जनपद के दिव्यांगजनों से संयुक्त मोबाइल कोर्ट का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की है।
जिला समाज कल्याण अधिकारी आर.एस. सामंत ने बताया कि सुनवाई के लिए दिव्यांगजन अपने शिकायती प्रार्थना-पत्र के साथ दिव्यांगता प्रमाण-पत्र, शिकायत से संबंधित आवश्यक अभिलेख और मोबाइल नंबर संलग्न कर 05 सितंबर 2026 तक कार्यालय/न्यायालय आयुक्त दिव्यांगजन, उत्तराखंड, 12 तिलक रोड, देहरादून में डाक अथवा ई-मेल के माध्यम से भेज सकते हैं। शिकायतें ऑनलाइन माध्यम से भी दर्ज की जा सकती हैं।
ऑनलाइन शिकायत दर्ज करने के लिए निर्धारित लिंक का उपयोग किया जा सकता है।
संयुक्त मोबाइल कोर्ट में दिव्यांगजनों को उनके अधिकारों से वंचित किए जाने, सरकारी योजनाओं का लाभ न मिलने, दिव्यांगता प्रमाण-पत्र, पेंशन, सहायक उपकरण और विभिन्न सेवाओं से जुड़े मामलों सहित अन्य शिकायतों की सुनवाई की जाएगी।
शिकायतों की सुनवाई ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से होगी। शिकायतकर्ता को अपने प्रार्थना-पत्र में यह स्पष्ट रूप से बताना होगा कि वह ऑनलाइन अथवा ऑफलाइन किस माध्यम से सुनवाई चाहता है।
जिलाधिकारी ने दिव्यांगजनों से अपील की है कि वे निर्धारित समय-सीमा के भीतर अपने प्रकरण प्रस्तुत कर संयुक्त मोबाइल कोर्ट की सुविधा का लाभ उठाएं, ताकि उनकी समस्याओं का नियमानुसार समाधान सुनिश्चित किया जा सके।