🔊
धौन के युवा किसानों ने जिलाधिकारी से की मुलाकात, फसलों की सुरक्षा और सोलर लाइट की मांग।
चम्पावत, 03 सितम्बर 2026। ग्राम धौन के युवा काश्तकारों ने कलेक्ट्रेट में जिलाधिकारी मनीष कुमार से मुलाकात कर क्षेत्र में की जा रही कृषि गतिविधियों और स्थानीय पहाड़ी पैदावार से उन्हें अवगत कराया।
युवा किसान चंद्रप्रकाश भट्ट और नारायण दत्त भट्ट ने जिलाधिकारी को अपने खेत में उत्पादित उन्नत किस्म के केले, ककड़ी सहित अन्य स्थानीय उत्पादों के बारे में जानकारी दी। जिलाधिकारी ने युवाओं द्वारा स्थानीय स्तर पर कृषि के क्षेत्र में किए जा रहे प्रयासों और मेहनत की सराहना की।
इस दौरान किसानों ने खेती-किसानी में आ रही विभिन्न व्यावहारिक समस्याओं को भी जिलाधिकारी के समक्ष रखा। किसानों ने मुख्य रूप से जंगली जानवरों से फसलों को होने वाले नुकसान से बचाने के लिए खेतों में तार-बाड़ कराने तथा कृषि क्षेत्रों में प्रकाश व्यवस्था मजबूत करने के लिए सोलर स्ट्रीट लाइट लगाए जाने की मांग की।
जिलाधिकारी ने किसानों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए उनके समाधान का आश्वासन दिया। उन्होंने मौके पर ही संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने मुख्य कृषि अधिकारी और उरेडा विभाग को किसानों द्वारा उठाई गई समस्याओं का संज्ञान लेते हुए धरातल पर आवश्यक कदम उठाने तथा उन्हें हरसंभव सहयोग उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि किसानों की समस्याओं का समाधान शासन और प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को किसानों की समस्याओं का त्वरित एवं प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।