🔊
राष्ट्रीय लोक अदालत 12 सितंबर को, चंपावत और टनकपुर में होगा मामलों का निस्तारण।
चंपावत, 04 सितंबर 2026। जनपद चंपावत में 12 सितंबर 2026 (द्वितीय शनिवार) को राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा। लोक अदालत का आयोजन सुबह 10 बजे से जिला मुख्यालय चंपावत के न्यायालय परिसर तथा बाह्य न्यायालय टनकपुर में होगा।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के वरिष्ठ सहायक समीर चौधरी ने बताया कि राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन जनपद न्यायाधीश/अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण अनुज कुमार संगल की अध्यक्षता तथा सिविल जज (वरिष्ठ खंड)/सचिव भवदीप रावते के दिशा-निर्देशन में किया जाएगा।
लोक अदालत में आपसी सुलह-समझौते के आधार पर विभिन्न लंबित मामलों का निस्तारण किया जाएगा। इनमें लघु आपराधिक मामले, मोटर दुर्घटना प्रतिकर वाद, भरण-पोषण वाद, बैंक वसूली वाद, हिंदू विवाह अधिनियम से संबंधित मामले, एमएसीटी वाद, घरेलू हिंसा अधिनियम (डीवी एक्ट), विद्युत वाद, पानी के बिल तथा धारा 138 एनआई एक्ट से संबंधित मामले शामिल हैं।
सिविल जज (वरिष्ठ खंड)/सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण भवदीप रावते ने जनपद के सभी वादकारियों से अपील की है कि वे 12 सितंबर को आयोजित राष्ट्रीय लोक अदालत का लाभ उठाते हुए आपसी सुलह-समझौते के आधार पर अपने मामलों का निस्तारण करवाएं और अनावश्यक मुकदमेबाजी से छुटकारा पाएं।