🔊
टीबी मरीजों को मिल रही निक्षय पोषण किट, स्वस्थ जीवन के लिए पोषण पर जोर।
चंपावत, 04 सितंबर 2026। जिले में टीबी मुक्त उत्तराखंड के संकल्प को साकार करने के लिए स्वास्थ्य विभाग की ओर से टीबी मरीजों को इलाज के साथ पोषण सहायता भी उपलब्ध कराई जा रही है। निक्षय मित्र पहल एवं प्रधानमंत्री टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत जरूरतमंद टीबी मरीजों को निक्षय पोषण किट वितरित की जा रही हैं।
यह पहल भारत सरकार के राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन कार्यक्रम और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के टीबी मुक्त उत्तराखंड के विजन के तहत संचालित की जा रही है। जिलाधिकारी मनीष कुमार के निर्देशों के अनुरूप जिले में टीबी उन्मूलन अभियान को जन-आंदोलन का रूप देने के प्रयास किए जा रहे हैं।
पोषण किट वितरण के दौरान मरीजों को नियमित रूप से दवाइयां लेने और संतुलित एवं पौष्टिक आहार का सेवन करने के लिए जागरूक किया गया। अधिकारियों ने बताया कि टीबी के उपचार के दौरान दवाइयों के साथ पर्याप्त पोषण भी मरीज के स्वास्थ्य और रोग प्रतिरोधक क्षमता को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
निक्षय पोषण किट में प्रोटीन, विटामिन और आवश्यक पोषक तत्वों से भरपूर खाद्य सामग्री शामिल की जा रही है, ताकि जरूरतमंद मरीजों को उपचार के दौरान पोषण संबंधी सहायता मिल सके और वे जल्द स्वस्थ होकर सामान्य जीवन की ओर लौट सकें।
स्वास्थ्य विभाग एवं जिला प्रशासन ने टीबी मरीजों को हरसंभव सहयोग उपलब्ध कराने और चंपावत को टीबी मुक्त बनाने के लिए निरंतर प्रयास जारी रखने की बात कही है।