🔊
कालीगूंठ-पूर्णागिरि क्षेत्र के धार्मिक और पर्यटन स्थलों का होगा सौंदर्यीकरण।
चंपावत, 03 सितंबर 2026। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की घोषणा के तहत चंपावत विधानसभा क्षेत्र के कालीगूंठ–पूर्णागिरि क्षेत्र के धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों के सौंदर्यीकरण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल शुरू की गई है। प्रस्तावित कार्यों के लिए 66.74 लाख रुपये का औचित्यपूर्ण आकलन तैयार किया गया है और धनराशि की स्वीकृति की प्रक्रिया गतिमान है।
मुख्यमंत्री घोषणा संख्या 258/2026 के तहत प्रस्तावित सौंदर्यीकरण कार्यों का उद्देश्य क्षेत्र के धार्मिक स्थलों को बेहतर एवं आकर्षक स्वरूप देने के साथ श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए सुविधाओं को मजबूत करना है।
कालीगूंठ–पूर्णागिरि क्षेत्र धार्मिक आस्था के साथ-साथ प्राकृतिक सौंदर्य और पर्यटन की दृष्टि से भी महत्वपूर्ण है। यहां प्रतिवर्ष बड़ी संख्या में श्रद्धालु और पर्यटक पहुंचते हैं। क्षेत्र के प्रमुख स्थलों के सुव्यवस्थित विकास और सौंदर्यीकरण से पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं मिलने के साथ पर्यटन आकर्षण बढ़ने की उम्मीद है।
प्रस्तावित कार्यों के लिए 66 लाख 74 हजार रुपये का आकलन जनपद स्तर पर तैयार कर लिया गया है। मुख्यमंत्री घोषणा के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए प्रकरण धनराशि की स्वीकृति और अग्रिम कार्रवाई के लिए उच्च स्तर पर प्रस्तुत किया गया है।
अधिकारियों के अनुसार, सौंदर्यीकरण से क्षेत्र में धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलने के साथ रोजगार, स्वरोजगार और स्थानीय ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी लाभ मिलने की उम्मीद है।
जिलाधिकारी मनीष कुमार ने कहा कि कालीगूंठ–पूर्णागिरि क्षेत्र के सौंदर्यीकरण से पर्यटन सुविधाओं के विस्तार को नई दिशा मिलेगी। प्रस्तावित कार्यों के माध्यम से क्षेत्र को अधिक सुंदर, व्यवस्थित और पर्यटक अनुकूल बनाने का प्रयास किया जा रहा है, जिससे श्रद्धालुओं और पर्यटकों का अनुभव बेहतर होने के साथ स्थानीय लोगों को भी पर्यटन गतिविधियों का लाभ मिल सकेगा।