🔊
7 सितंबर को चंपावत के राजकीय विद्यालयों में होगा दक्षता आधारित आकलन, 4,600 विद्यार्थी होंगे शामिल।
चंपावत। सचिव विद्यालयी शिक्षा उत्तराखंड के निर्देश पर परख एवं पहल परीक्षण के परिणामों की समीक्षा के उद्देश्य से जनपद चंपावत के सभी राजकीय विद्यालयों में कक्षा 2, 5 और 8 के विद्यार्थियों का दक्षता आधारित आकलन कराया जाएगा। यह आकलन 7 सितंबर को सुबह 9 बजे से शुरू होगा।
आकलन में करीब 4,600 विद्यार्थी शामिल होंगे। इनमें कक्षा 2 के लगभग 600, कक्षा 5 के 1,750 और कक्षा 8 के करीब 2,250 विद्यार्थी शामिल हैं। आकलन की अवधि 60 मिनट निर्धारित की गई है।
इन विषयों का होगा आकलन
कक्षा 2: भाषा और गणित
कक्षा 5: भाषा, गणित और पर्यावरण अध्ययन
कक्षा 8: भाषा, गणित, विज्ञान और सामाजिक विज्ञान
प्रश्नपत्र में मुख्य रूप से वस्तुनिष्ठ एवं पठन-बोध आधारित प्रश्न शामिल होंगे। आकलन का उद्देश्य विद्यार्थियों की वास्तविक अधिगम स्थिति और विषयवार दक्षताओं की पहचान करना है, ताकि कमजोर दक्षताओं में सुधार के लिए प्रभावी उपचारात्मक शिक्षण कराया जा सके।
आकलन के बाद विद्यार्थियों के परिणामों का दक्षतावार विश्लेषण किया जाएगा। इसके आधार पर 7 से 28 सितंबर तक उपचारात्मक शिक्षण और प्रगति की समीक्षा की जाएगी। वहीं 28 सितंबर को मध्यावधि आकलन प्रस्तावित है।
कार्यक्रम को व्यवस्थित ढंग से संचालित करने के लिए मुख्य शिक्षा अधिकारी मान सिंह तथा डायट के प्राचार्य दिनेश सिंह खेतवाल को संयुक्त जिम्मेदारी दी गई है। प्रत्येक विकासखंड में संबंधित खंड शिक्षा अधिकारियों और वरिष्ठ डायट संकाय सदस्यों को नोडल एवं सह-नोडल प्रभारी बनाया गया है। आकलन प्रकोष्ठ, बीआरपी और सीआरपी भी कार्यक्रम के संचालन में सहयोग करेंगे।
शिक्षा विभाग ने विद्यालयों में विद्यार्थियों की शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करने की अपील की है। साथ ही अभिभावकों, एसएमसी/पीटीए और समुदाय से भी अभियान में सक्रिय सहयोग देने का अनुरोध किया गया है।
इस पहल के तहत विद्यार्थियों की उपलब्धि में कम से कम 10 प्रतिशत सुधार का लक्ष्य रखा गया है। विभाग का उद्देश्य है कि प्रत्येक बच्चे के कमजोर पक्ष की पहचान कर उसे उपचारात्मक शिक्षण के माध्यम से मजबूत किया जाए और उसके अधिगम स्तर में प्रभावी सुधार लाया जा सके।
खबर से जुड़ी अन्य तस्वीरें: