🔊
चम्पावत में CM हेल्पलाइन की 84.19% शिकायतों का निस्तारण, अगस्त में 702 शिकायतें हुईं दर्ज
चम्पावत, 04 सितंबर 2026। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के क्रम में जनपद चम्पावत में जनसमस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण पर जोर दिया जा रहा है। अगस्त 2026 में सीएम हेल्पलाइन 1905 के माध्यम से जिले में विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 702 शिकायतें दर्ज हुईं।
जिला प्रशासन के अनुसार, प्राप्त शिकायतों में से 591 शिकायतों का निस्तारण कर दिया गया है। यह कुल शिकायतों का 84.19 प्रतिशत है। शेष शिकायतों के समाधान की प्रक्रिया भी जारी है।
अगस्त माह में सबसे अधिक शिकायतें उत्तराखंड जल संस्थान, राजस्व विभाग, उत्तराखंड पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड, पुलिस विभाग और ग्राम्य विकास विभाग समेत 32 विभागों से संबंधित रहीं।
जिलाधिकारी मनीष कुमार ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि शिकायतों का निस्तारण केवल कागजी कार्रवाई तक सीमित न रहे, बल्कि धरातल पर त्वरित और प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की शिथिलता नहीं बरतने के निर्देश दिए हैं।
प्रशासन का कहना है कि जनसमस्याओं के समयबद्ध समाधान से आम जनता को राहत मिलने के साथ ही शासन-प्रशासन के प्रति लोगों का विश्वास भी मजबूत हो रहा है।