🔊
खटकाना पुल के पास पेयजल लाइन कार्य का डीएम ने किया निरीक्षण, तेजी और गुणवत्ता के साथ काम पूरा करने के निर्देश
चम्पावत, 04 सितंबर 2026। जिलाधिकारी मनीष कुमार ने शुक्रवार को राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित खटकाना पुल के पास यूएसएसडीए की ओर से बिछाई जा रही पेयजल लाइन के कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने मौके पर अधिकारियों से कार्य की प्रगति और वर्तमान स्थिति की जानकारी ली।
जिलाधिकारी ने राष्ट्रीय राजमार्ग के अधिशासी अभियंता विभोर गुप्ता सहित यूएसएसडीए के अधिकारियों और कार्मिकों को आपसी समन्वय बनाकर कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पाइपलाइन बिछाने के दौरान वाहनों के आवागमन में किसी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए।
उन्होंने निर्माण कार्य को निर्धारित समय सीमा में गुणवत्ता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए। साथ ही सड़क सुरक्षा और आमजन की आवाजाही का विशेष ध्यान रखने को कहा।
डीएम ने कहा कि पेयजल लाइन बिछाने के साथ ही मार्ग पर नाली निर्माण भी सुनिश्चित किया जाए, ताकि बारिश के दौरान जलभराव की समस्या न हो और पानी की सुगम निकासी बनी रहे।
उन्होंने स्पष्ट किया कि कार्यदायी संस्था और संबंधित विभाग आपसी समन्वय से कार्यों को गति दें तथा निर्माण में गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता न किया जाए। सभी कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप पूरे करने के निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान संबंधित विभागों के अधिकारी, कार्मिक और कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधि मौजूद रहे।