🔊
किसानों के लिए बड़ी पहल: CM धामी ने लॉन्च किया मनोरमा कृषि रक्षक मोबाइल एप।
देहरादून, 04 सितंबर 2026। किसानों और स्वयं सहायता समूहों को कृषि से जुड़ी जरूरी जानकारी और सेवाएं एक ही डिजिटल प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय में किसान-केंद्रित मोबाइल एप ‘मनोरमा कृषि रक्षक’ का शुभारंभ किया।
यह एप मनोरमा डबराल जन कल्याण समिति द्वारा विकसित किया गया है। मुख्यमंत्री ने एप को किसानों और स्वयं सहायता समूहों के लिए उपयोगी बताते हुए संस्था को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीक के बेहतर इस्तेमाल से किसानों को कृषि संबंधी आवश्यक जानकारी और सेवाएं आसानी से उपलब्ध कराई जा सकती हैं।
समिति के पदाधिकारियों के अनुसार, ‘मनोरमा कृषि रक्षक’ एप के माध्यम से किसानों को रियल टाइम मौसम की जानकारी और अलर्ट, फसल के अनुसार कृषि सलाह, एआई आधारित फसल रोग पहचान, कृषि एवं बाजार संबंधी जानकारी तथा परिवहन और लॉजिस्टिक्स से जुड़ी सुविधाएं एक ही डिजिटल प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध कराने का प्रयास किया गया है।
एप में स्वयं सहायता समूहों और ग्रामीण उद्यमों को बाजार से जोड़ने की सुविधाएं भी शामिल की गई हैं। समिति के अनुसार, एप को किसानों की व्यावहारिक जरूरतों को ध्यान में रखकर विकसित किया गया है। इसका उद्देश्य कृषि उत्पादन से लेकर बाजार तक किसानों को आवश्यक डिजिटल सहयोग उपलब्ध कराना है।
इस अवसर पर कृषि एवं कृषक कल्याण मंत्री गणेश जोशी, मनोरमा डबराल जन कल्याण समिति से कमला डबराल, राजेश डबराल, अंशुल, प्रांजल नौडियाल और सूरवीर सिंह कठैत उपस्थित रहे।
खबर से जुड़ी अन्य तस्वीरें: