🔊
NH-09 पर आपदा सुधार कार्य पूर्ण, ऑरेंज अलर्ट के बीच भी दिन-रात सुचारू आवागमन।
चंपावत, 04 सितंबर 2026। मानसून के दौरान पत्थर और मलबा गिरने से यातायात प्रभावित होने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग-09 पर इस बार स्थिति काफी बेहतर बनी हुई है। लगातार तीन दिनों से ऑरेंज अलर्ट और प्रतिकूल मौसम के बावजूद NH-09 पर दिन और रात दोनों समय वाहनों की आवाजाही सुचारू रूप से जारी है।
जिलाधिकारी मनीष कुमार ने बताया कि वर्षाकाल में संवेदनशील क्षेत्रों में भारी मात्रा में मलबा और बोल्डर आने से यातायात बाधित होने की समस्या को देखते हुए सुरक्षा एवं सुधार कार्य प्राथमिकता के आधार पर पूरे कराए गए हैं।
पूर्व के वर्षों में आपदा की स्थिति में सुरक्षा को देखते हुए कई बार रात्रि यातायात को नियंत्रित या प्रतिबंधित करना पड़ता था। लेकिन इस बार दोनों ओर से वाहनों की निर्बाध आवाजाही बनी हुई है।
जिलाधिकारी ने कहा कि मार्ग की सुरक्षा और सफाई का कार्य लगातार जारी है। सड़क पर कहीं भी मलबा जमा होने की स्थिति में उसे तत्काल हटाया जा रहा है, ताकि यात्रियों को परेशानी न हो।
प्रशासन के अनुसार बेहतर निर्माण एवं रखरखाव के चलते NH-09 पर ऑल-वेदर कनेक्टिविटी को मजबूती मिली है और प्रतिकूल मौसम के बावजूद मार्ग पर 24 घंटे यातायात सुचारू रखने के प्रयास किए जा रहे हैं।