🔊
ग्राम विविल में वायरल बुखार की सूचना पर स्वास्थ्य विभाग अलर्ट, 5 सितंबर को लगेगा विशेष चिकित्सा शिविर।
चंपावत, 04 सितंबर 2026। ग्राम सभा विविल में वायरल बुखार के मामलों की सूचना मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग सतर्क हो गया है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी चंपावत डॉ. देवेश चौहान के निर्देश पर उप जिला चिकित्सालय लोहाघाट ने मामले का तत्काल संज्ञान लेते हुए क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाएं मजबूत करने की कार्रवाई शुरू कर दी है।
स्वास्थ्य विभाग की ओर से 5 सितंबर 2026 को ग्राम विविल में विशेष चिकित्सा शिविर लगाया जाएगा। शिविर में ग्रामीणों के स्वास्थ्य की जांच करने के साथ आवश्यक दवाएं वितरित की जाएंगी।
चिकित्सा अधीक्षक, उप जिला चिकित्सालय लोहाघाट के अनुसार शिविर के लिए तीन सदस्यीय विशेष चिकित्सा दल गठित किया गया है। इसमें प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र चौमेल के चिकित्सा अधिकारी डॉ. हिमांशु कल्खुडिया, उपकेंद्र लूपड़ा के फार्मेसी अधिकारी लक्ष्मण गिरी और एएनएम प्रीति भटनागर को शामिल किया गया है।
चिकित्सा दल चौमेल स्वास्थ्य केंद्र से आवश्यक औषधियां लेकर ग्राम विविल पहुंचेगा और शिविर का संचालन करेगा। टीम को ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण करने, आवश्यकतानुसार दवाएं उपलब्ध कराने तथा शिविर में की गई कार्रवाई की जानकारी उच्चाधिकारियों को देने के निर्देश दिए गए हैं।
स्वास्थ्य विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि बुखार या अन्य बीमारी के लक्षण दिखाई देने पर लापरवाही न बरतें और शिविर में पहुंचकर चिकित्सकीय परामर्श एवं उपचार जरूर लें।