🔊
चम्पावत के दुर्गम गांवों के लिए बड़ी सड़क सौगात, PMGSY-IV में 350 किमी सड़कों का प्रस्ताव केंद्र को भेजा।
चम्पावत, 04 सितंबर 2026। पहाड़ के दूरस्थ और दुर्गम गांवों को सड़क सुविधा से जोड़ने की दिशा में उत्तराखंड सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY-IV) के तहत प्रदेश में 329 नई सड़कों के निर्माण के लिए कुल 1,793 किलोमीटर लंबाई का विस्तृत प्रस्ताव स्वीकृति के लिए केंद्र सरकार को भेजा गया है।
इस प्रस्ताव में सीमांत जनपद चम्पावत की करीब 350 किलोमीटर लंबी सड़कों को भी शामिल किया गया है। प्रस्तावित सड़कों के निर्माण और सुदृढ़ीकरण से मोस्टा-बकोड़ा, शील-बरूडी और खिरद्वारी जैसे दुर्गम एवं दूरस्थ क्षेत्रों को मुख्य सड़क नेटवर्क से जोड़ने में मदद मिलेगी।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उठाए गए इस कदम से ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन की सुविधा बेहतर होने के साथ स्वास्थ्य, शिक्षा, रोजगार और स्वरोजगार के अवसरों तक ग्रामीणों की पहुंच आसान होने की उम्मीद है।
जिलाधिकारी मनीष कुमार ने कहा कि जनपद को मिलने जा रही सड़क परियोजनाएं क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए महत्वपूर्ण साबित होंगी। सड़कों के निर्माण से ग्रामीणों को आवागमन में बड़ी राहत मिलेगी।
उन्होंने कहा कि सड़क कनेक्टिविटी बेहतर होने से स्वास्थ्य संबंधी आपात स्थिति में मरीजों और गर्भवती महिलाओं को समय पर अस्पताल पहुंचाने में भी सुविधा होगी। इसके साथ ही मजबूत बुनियादी ढांचे से ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार और आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा तथा पलायन रोकने में भी मदद मिल सकती है।
प्रस्तावित सड़कों के निर्माण से चम्पावत के कई ऐसे गांवों को मुख्यधारा से जोड़ने की उम्मीद है, जहां आज भी बेहतर सड़क संपर्क ग्रामीणों की सबसे बड़ी जरूरतों में शामिल है।