🔊
जन्माष्टमी मेले में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, साधु के भेष में घूम रहे 8 लोगों का चालान।
लोहाघाट। जन्माष्टमी मेले में साधु के भेष में घूमकर लोगों से टीका-पिठिया के नाम पर पैसे मांग रहे 8 संदिग्ध व्यक्तियों के खिलाफ चम्पावत पुलिस ने कार्रवाई की है। पुलिस ने सभी का सत्यापन किया और बिना सत्यापन मेले में घूमने पर पुलिस अधिनियम के तहत चालान किया।
उत्तराखंड पुलिस मुख्यालय स्तर से चलाए जा रहे ऑपरेशन कालनेमी के तहत धार्मिक आयोजनों और मेलों में संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक चम्पावत रेखा यादव (IPS) के निर्देश पर लोहाघाट जन्माष्टमी मेले में व्यापक सत्यापन एवं चेकिंग अभियान चलाया गया।
पुलिस के अनुसार, चेकिंग के दौरान कुछ बाहरी लोग साधु के भेष में घूम-घूमकर लोगों को टीका-पिठिया लगाकर उनसे धनराशि मांगते मिले। पुलिस टीम ने 8 लोगों को चिन्हित कर पूछताछ और सत्यापन किया।
सत्यापन में सभी 8 व्यक्ति ग्राम रानीगंज पिपरा, जनपद पीलीभीत (उत्तर प्रदेश) के निवासी पाए गए। बिना सत्यापन मेले में प्रवेश कर इस तरह धन मांगने पर सभी के खिलाफ धारा 81 पुलिस अधिनियम के तहत चालानी कार्रवाई की गई। पुलिस ने उन्हें वापस अपने मूल निवास जाने की हिदायत दी। साथ ही भविष्य में बिना सत्यापन इस तरह की गतिविधियों के लिए जनपद में प्रवेश करने पर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की चेतावनी दी गई।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि धार्मिक आस्था और मेलों की पवित्रता का लाभ उठाकर धन मांगने वाले संदिग्ध व्यक्तियों से सावधान रहें। किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की जानकारी 112 पर दें।