🔊
राउमावि खूनाबोरा के चार विद्यार्थियों का मुख्यमंत्री मेधावी छात्रवृत्ति योजना में हुआ चयन, विद्यालय परिवार एवं अभिभावकों में खुशी की लहर।
लोहाघाट। राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय खूनाबोरा की कक्षा 09 की छात्रा तान्शी बिष्ट एवं हिमांशु सिंह बोहरा तथा कक्षा 06 की सिमरन बोहरा एवं ऋषभ बिष्ट का मुख्यमंत्री मेधावी छात्रवृत्ति योजना के लिए चयन हुआ है। एक ही विद्यालय के चार विद्यार्थियों के एक साथ चयनित होने से विद्यालय परिवार में हर्ष और उत्साह का माहौल है।
विद्यार्थियों की इस उपलब्धि को विद्यालय की शैक्षिक गुणवत्ता, विद्यार्थियों की मेहनत तथा शैलेश मटियानी राज्य उत्कृष्ट पुरस्कार प्राप्त शिक्षक प्रकाश चन्द्र उपाध्याय के मार्गदर्शन का परिणाम माना जा रहा है। श्री उपाध्याय नियमित रूप से अवकाश दिवसों एवं अतिरिक्त कक्षाओं के माध्यम से मैट और सैट परीक्षा की तैयारी कराते हैं, जिसके परिणामस्वरूप इस अत्यधिक कठिन परीक्षा में एक साथ 04 बच्चे चयनित हुए।
एक ही विद्यालय से चार विद्यार्थियों का चयन होना क्षेत्र के लिए भी गौरव का विषय है। विद्यार्थियों की इस उपलब्धि पर जनप्रतिनिधियों, अभिभावकों एवं स्थानीय नागरिकों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए चयनित विद्यार्थियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। मार्गदर्शक शिक्षक प्रकाश चन्द्र उपाध्याय ने बताया कि चयनित विद्यार्थियों को ₹7200 एवं ₹10800 की छात्रवृत्ति प्रतिवर्ष मिलेगी, जो ग्रामीण पृष्ठभूमि के बच्चों एवं अभिभावकों के लिए अत्यधिक लाभदायक सिद्ध होगी। फोटो मुख्यमंत्री मेधावी छात्रवृत्ति योजना में चयनित राउमावि खूनाबोरा के विद्यार्थी।