🔊
तड़ाग ग्राम पंचायत में विकास कार्यों को मिली नई रफ्तार, मनरेगा से जल संवर्धन और बुनियादी सुविधाओं को मजबूती।
चम्पावत, 05 सितम्बर 2026। विकासखंड बाराकोट की ग्राम पंचायत तड़ाग में मनरेगा और आपदा प्रबंधन मद के माध्यम से जल संवर्धन एवं बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने के लिए विभिन्न विकास कार्य कराए जा रहे हैं। इन कार्यों से ग्रामीणों को रोजगार के साथ-साथ लंबे समय से चली आ रही समस्याओं से भी राहत मिलने की उम्मीद है।
ग्राम पंचायत तड़ाग के पूर्व ग्राम प्रधान, पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष एवं पूर्व क्षेत्र पंचायत प्रतिनिधि होशियार सिंह बोहरा ने जिलाधिकारी मनीष कुमार से मुलाकात कर क्षेत्र में संचालित विकास योजनाओं की स्थिति पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के ग्रामीण क्षेत्रों के विकास और जल संरक्षण को लेकर दिए जा रहे जोर का असर धरातल पर दिखाई दे रहा है।
बोहरा के अनुसार, मनरेगा के तहत तड़ाग ग्राम पंचायत में चाल-खाल और खंती निर्माण के कार्य बड़े पैमाने पर कराए गए हैं। इन कार्यों से जहां स्थानीय ग्रामीणों को गांव में ही रोजगार मिला, वहीं बारिश के पानी के संरक्षण, जल स्रोतों के पुनरुद्धार, भू-जल स्तर में सुधार और पर्यावरण संरक्षण में भी मदद मिलेगी।
इसके अलावा मनरेगा एवं आपदा प्रबंधन मद से गांव में सीसी मार्ग, पेयजल लाइनों का सुदृढ़ीकरण, सुरक्षा दीवारें, चेकडैम तथा भू-कटाव रोकने के लिए रोधक दीवारों का निर्माण भी प्राथमिकता के आधार पर कराया गया है।
इन विकास कार्यों से ग्रामीण क्षेत्र में आवागमन, पेयजल और सुरक्षा से जुड़ी समस्याओं को दूर करने में मदद मिल रही है। साथ ही जल संरक्षण के कार्य भविष्य में गांव में पानी की उपलब्धता बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।
होशियार सिंह बोहरा ने मुख्यमंत्री के ग्रामीण विकास के विजन और जिला प्रशासन के प्रयासों की सराहना करते हुए प्रदेश सरकार एवं जिला प्रशासन का आभार व्यक्त किया।
खबर से जुड़ी अन्य तस्वीरें: