🔊
अतिवृष्टि से खेत-फसल बर्बाद, नौ परिवारों को 54 हजार की राहत।
लोहाघाट। अतिवृष्टि से खेतों और फसलों को हुए नुकसान के बाद प्रशासन ने आपदा प्रभावित परिवारों को तत्काल राहत सहायता उपलब्ध कराई है। राजस्व विभाग की जांच के बाद एसडीआरएफ के मानकों के अनुरूप तहसील बाराकोट के नौगांव रेगडु क्षेत्र के छंदा गांव के नौ प्रभावित परिवारों को कुल 54 हजार रुपये के राहत चेक वितरित किए गए।
लोहाघाट की उप जिलाधिकारी नीतू डांगर ने प्रभावित परिवारों को सहायता राशि के चेक सौंपे। प्रशासन के अनुसार भूमि को हुए नुकसान के लिए प्रति परिवार 5 हजार रुपये और फसल क्षति के लिए एक हजार रुपये की सहायता दी गई है।
राहत पाने वालों में खड़क सिंह, गोपाल सिंह, बच्ची देवी, भावना देवी, चंचल सिंह, कल्याण सिंह, हयात सिंह और ममता देवी सहित अन्य प्रभावित परिवार शामिल रहे। एसडीएम ने कहा कि आपदा से प्रभावित लोगों को नियमानुसार शीघ्र राहत उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है।
फोटो_ आपदा प्रभावित लोगों को राहत सहायता का चेक वितरित करतीं एसडीएम नीतू डांगर।