🔊
नशे के खिलाफ चम्पावत पुलिस की पहल, ग्राम प्रहरियों को मानस पोर्टल की दी जानकारी।
चम्पावत, 05 सितम्बर 2026। जनपद में नशे के अवैध कारोबार और मादक पदार्थों की गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए चम्पावत पुलिस की ओर से जन-जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक रेखा यादव के निर्देशन में पुलिस द्वारा आमजन को नशे के खिलाफ जागरूक करने के साथ ही संदिग्ध गतिविधियों की सूचना पुलिस तक पहुंचाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
इसी क्रम में थाना पाटी पुलिस ने थाना पाटी और चौकी देवीधुरा क्षेत्र के ग्राम प्रहरियों के साथ दोनों स्थानों पर अलग-अलग बैठक आयोजित की। बैठक में ग्राम प्रहरियों को NDPS अधिनियम के प्रावधानों, मादक पदार्थों की अवैध तस्करी और नशे के दुष्प्रभावों की जानकारी दी गई।
पुलिस ने ग्राम प्रहरियों को अपने-अपने क्षेत्रों में अवैध भांग की खेती, मादक पदार्थों की तस्करी एवं बिक्री तथा नशे से जुड़ी अन्य गतिविधियों पर सतर्क नजर रखने के निर्देश दिए।
बैठक में विशेष रूप से मानस पोर्टल के संबंध में जानकारी देते हुए बताया गया कि क्षेत्र में यदि कोई व्यक्ति नशे का कारोबार करता है, अवैध भांग की खेती करता है अथवा मादक पदार्थों की तस्करी या बिक्री में संलिप्त है, तो इसकी सूचना मानस पोर्टल के माध्यम से पुलिस तक पहुंचाई जा सकती है। साथ ही महत्वपूर्ण एवं गोपनीय सूचनाएं तत्काल स्थानीय पुलिस को देने के लिए भी ग्राम प्रहरियों को प्रेरित किया गया।
पुलिस ने कहा कि सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी। पुलिस ने आमजन से नशे के खिलाफ अभियान में सहयोग करने की अपील करते हुए कहा कि नशे से जुड़ी एक सूचना किसी परिवार का भविष्य बचाने में मददगार साबित हो सकती है।
चम्पावत पुलिस ने नशे के खिलाफ अभियान में जनसहयोग को महत्वपूर्ण बताते हुए लोगों से जागरूक और सतर्क रहने की अपील की है।