🔊
1 अक्टूबर से शुरू होगी चम्पावत में धान खरीद, 20 सितंबर तक क्रय केंद्रों की सभी व्यवस्थाएं पूरी करने के निर्देश।
चम्पावत, 05 सितम्बर 2026। खरीफ खरीद सत्र 2026-27 के तहत मूल्य समर्थन योजना के अंतर्गत जिले में 1 अक्टूबर 2026 से धान खरीद शुरू होगी। किसानों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं।
शासन की ओर से निर्धारित समय सारिणी के अनुसार 30 सितंबर तक सभी प्रशासनिक एवं तकनीकी तैयारियां पूरी की जानी हैं। इसके तहत जिले में धान क्रय केंद्रों की स्थापना, ई-खरीद पोर्टल पर किसानों का पंजीकरण और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
जिलाधिकारी मनीष कुमार ने संबंधित अधिकारियों को शासन की समय सारिणी का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि 10 सितंबर तक जिला प्रभारी अधिकारी (धान) की नियुक्ति पूरी कर ली जाए, जबकि 15 सितंबर तक राजस्व विभाग के माध्यम से किसानवार एवं ग्रामवार सूचियों को अपडेट किया जाए।
जिलाधिकारी ने 15 सितंबर तक धान क्रय केंद्रों का चयन एवं स्थापना पूरी करने के निर्देश दिए हैं। वहीं 20 सितंबर तक क्रय केंद्रों पर आवश्यक स्टाफ, कंप्यूटर, इंटरनेट, परिवहन ठेकेदारों की व्यवस्था और ई-खरीद मास्टर डेटा फीडिंग का कार्य हर हाल में पूरा करने को कहा गया है।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि धान खरीद प्रक्रिया में किसानों को किसी भी स्तर पर असुविधा नहीं होनी चाहिए। उन्होंने पूरी खरीद प्रक्रिया को पारदर्शी एवं किसान हितैषी बनाए रखने तथा निर्धारित समय सीमा के भीतर सभी तैयारियां पूर्ण करने के निर्देश अधिकारियों को दिए।