🔊
बाराकोट में आपदा प्रभावित 9 परिवारों को मिली आर्थिक सहायता, प्रति परिवार ₹6 हजार वितरित।
चम्पावत, 05 सितम्बर 2026। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की आपदा प्रभावितों को त्वरित राहत पहुंचाने की प्रतिबद्धता के तहत जिला प्रशासन चम्पावत द्वारा बाराकोट तहसील के आपदा प्रभावित परिवारों को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई गई है।
03 सितंबर 2026 को हुई भारी अतिवृष्टि और भूस्खलन के कारण तहसील बाराकोट के ग्राम छंदा, पंचायत क्षेत्र दयारतोली में ग्रामीणों की कृषि भूमि एवं फसलों को नुकसान पहुंचा था। घटना की जानकारी मिलते ही जिलाधिकारी मनीष कुमार ने राजस्व एवं आपदा प्रबंधन टीम को मौके पर भेजकर प्रभावित क्षेत्र का स्थलीय सर्वेक्षण कराने और पात्र परिवारों को तत्काल राहत उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी के निर्देशों के क्रम में उप जिलाधिकारी बाराकोट नीतू डांगर द्वारा प्रभावित परिवारों को चिन्हित कर सहायता राशि स्वीकृत की गई।
प्रभावित परिवारों में खड़क सिंह, गोपाल सिंह, बची देवी, ममता, भावना देवी, भवानी देवी, चंचल सिंह, कल्याण सिंह एवं हयात सिंह शामिल हैं।
राज्य आपदा मोचन निधि (SDRF) के मानकों के अनुसार प्रत्येक परिवार को कृषि भूमि की क्षति के लिए ₹5,000 और फसल क्षति के लिए ₹1,000, यानी कुल ₹6,000 प्रति परिवार की आर्थिक सहायता प्रदान की गई है। इस प्रकार नौ प्रभावित परिवारों को कुल ₹54,000 की सहायता राशि वितरित की गई।
जिला प्रशासन ने कहा कि आपदा प्रभावित क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखी जा रही है और प्रभावित लोगों को नियमानुसार त्वरित राहत एवं हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के लिए प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है।