🔊
10 सितंबर को भव्य रूप से मनाई जाएगी पंडित गोविंद बल्लभ पंत की 139वीं जयंती, तैयारियों को लेकर बैठक।
चम्पावत, 05 सितम्बर 2026। महान स्वतंत्रता सेनानी एवं भारत रत्न पंडित गोविंद बल्लभ पंत की 139वीं जयंती आगामी 10 सितंबर को पूरे जनपद में गरिमामय एवं भव्य रूप से मनाई जाएगी। कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर शनिवार को जिला कार्यालय सभागार में जिलाधिकारी मनीष कुमार की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई।
बैठक में पंत फाउंडेशन के प्रतिनिधियों, विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं जयंती आयोजन समिति के सदस्यों ने प्रतिभाग किया। इस दौरान जयंती समारोह के कार्यक्रमों की रूपरेखा तय करने के साथ ही विभिन्न विभागों को जिम्मेदारियां सौंपी गईं।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में स्थापित पंडित गोविंद बल्लभ पंत की प्रतिमाओं एवं स्थलों की साफ-सफाई, रंग-रोगन और प्रकाश व्यवस्था जयंती से पूर्व अनिवार्य रूप से पूरी कर ली जाए।
मुख्य समारोह के तहत प्रातः 10 बजे जिला कलेक्ट्रेट परिसर में कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसके बाद 10:30 बजे नगर पालिका चम्पावत स्थित पंत पार्क में स्थापित पंडित पंत की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया जाएगा। इसके उपरांत ऑडिटोरियम में मुख्य सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं विचार गोष्ठी आयोजित होगी।
जिले के सभी शासकीय, अर्द्धशासकीय, स्वास्थ्य एवं शैक्षणिक संस्थानों में भी पंडित गोविंद बल्लभ पंत के चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए जाएंगे। उत्तराखंड संस्कृति विभाग की ओर से पंडित पंत के जीवन-वृत्त, स्वतंत्रता संग्राम में उनके योगदान, सामाजिक दर्शन एवं देशभक्ति पर आधारित विशेष प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी।
शिक्षा विभाग को विद्यालयों में भाषण, निबंध, वाद-विवाद एवं विचार गोष्ठी सहित विभिन्न प्रतियोगिताओं के आयोजन की जिम्मेदारी दी गई है।
जिलाधिकारी ने सभी उप जिलाधिकारियों, खंड विकास अधिकारियों एवं नगर निकाय प्रभारियों को सुरक्षा, स्वच्छता और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं समयबद्ध रूप से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. जीएस खाती, उप जिलाधिकारी चम्पावत विपिन चंद्र पंत, मुख्य शिक्षा अधिकारी मानसिंह सहित पंत फाउंडेशन के संयोजक शंकर पांडे, सदस्य गौरव पांडे एवं नंदन तड़ागी तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।