🔊
नगर पंचायत पाटी में ₹7.50 लाख से लगेगा प्लास्टिक कॉम्पैक्टर, कूड़ा वाहनों में सेग्रीगेशन बॉक्स व GPS से होगी निगरानी।
चम्पावत, 05 सितम्बर 2026। स्वच्छता एवं ठोस अपशिष्ट प्रबंधन को आधुनिक बनाने की दिशा में उत्तराखंड सरकार ने चम्पावत जिले की नगर पंचायत पाटी में प्लास्टिक कचरे के वैज्ञानिक निस्तारण के लिए ₹7.50 लाख की लागत से प्लास्टिक कॉम्पैक्टर स्थापित करने की स्वीकृति दी है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश के नगर निकायों में कचरा प्रबंधन व्यवस्था को मजबूत करने के लिए विभिन्न योजनाओं को मंजूरी दी जा रही है। इसी क्रम में प्रदेश के सभी नगर निकायों के 1,576 कूड़ा वाहनों में अतिरिक्त कंपार्टमेंट/सेग्रीगेशन बॉक्स निर्माण के लिए ₹157.60 लाख की वित्तीय स्वीकृति दी गई है, जिसमें पहली किश्त के रूप में ₹94.56 लाख अवमुक्त किए गए हैं।
इसके अलावा 968 कूड़ा वाहनों में AIS GPS सिस्टम लगाने के लिए ₹48.40 लाख की धनराशि जारी की गई है। इससे कूड़ा संग्रहण वाहनों की रियल-टाइम निगरानी के साथ उनके रूट और संचालन की जानकारी पर नजर रखी जा सकेगी।
राष्ट्रीय हरित अधिकरण (NGT) के आदेशों के अनुपालन में शहरी विकास निदेशालय के ‘रिंग फेंस्ड अकाउंट’ से स्वीकृत इन योजनाओं का उद्देश्य गीले और सूखे कचरे के पृथक्करण तथा कूड़ा संग्रहण व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाना है।
जिलाधिकारी मनीष कुमार ने नगर पंचायत पाटी में प्लास्टिक कॉम्पैक्टर की स्थापना के साथ कूड़ा वाहनों में सेग्रीगेशन बॉक्स एवं GPS सिस्टम लगाने के कार्यों को पारदर्शिता, उच्च गुणवत्ता और निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए हैं।
जिलाधिकारी ने कहा कि कूड़ा वाहनों में अतिरिक्त कंपार्टमेंट बनने से घर-घर से कचरा उठाते समय ही गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग रखने की व्यवस्था मजबूत होगी। वहीं GPS सिस्टम से वाहनों के रूट एवं समय की सटीक निगरानी संभव होगी।
उन्होंने कहा कि दूरस्थ क्षेत्रों के नगर निकायों को भी आधुनिक कचरा प्रबंधन संसाधनों से लैस कर स्वच्छ एवं बेहतर ठोस अपशिष्ट प्रबंधन व्यवस्था विकसित करने पर जोर दिया जा रहा है।