🔊
बाटनागाड़ में मलबा हटाने के लिए जेसीबी तैनात, लोक निर्माण विभाग के अधिकांश मार्ग खुले
चम्पावत, 06 सितम्बर 2026। पहाड़ी क्षेत्रों में लगातार हो रही बारिश और जलस्तर बढ़ने के कारण संवेदनशील स्थानों पर प्रशासन और लोक निर्माण विभाग अलर्ट मोड पर है। बाटनागाड़ क्षेत्र में जलस्तर बढ़ने से सड़क पर आ रहे स्लिप और मलबे को तत्काल हटाने के लिए जेसीबी मशीन तैनात की गई है।
जिलाधिकारी मनीष कुमार के निर्देश पर लोक निर्माण विभाग द्वारा बाटनागाड़ में मशीनरी की तैनाती की गई है, ताकि सड़क पर आने वाले मलबे को तेजी से हटाकर यातायात सुचारू रखा जा सके।
लोक निर्माण विभाग चम्पावत के अधिशासी अभियंता हितेश कांडपाल ने बताया कि विभाग के अंतर्गत आने वाले लगभग सभी मार्ग वर्तमान में यातायात के लिए खुले हैं और आवागमन सामान्य रूप से चल रहा है। संवेदनशील स्थानों पर पहले से ही जेसीबी मशीनें तैनात की गई हैं।
उन्होंने बताया कि किसी स्थान पर सड़क बाधित होने की स्थिति में विभागीय टीमें कम से कम समय में मौके पर पहुंचकर मार्ग खोलने का कार्य कर रही हैं।
जिला प्रशासन ने लोगों से वर्षाकाल में यात्रा के दौरान सावधानी बरतने और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।