🔊
माहवारी दिवस पर किशोर स्वास्थ्य दिवस आयोजित, छात्राओं को स्वच्छता के प्रति किया जागरूक राजकीय बालिका इंटर कॉलेज लोहाघाट में आयोजित हुआ कार्यक्रम, प्रतियोगिता व सेनेटरी नैपकिन वितरण
लोहाघाट, 28 मई
माहवारी स्वच्छता दिवस के अवसर पर मंगलवार को राजकीय बालिका इंटर कॉलेज लोहाघाट में राष्ट्रीय किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रम (RKSK) के तहत किशोर स्वास्थ्य दिवस आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य किशोरियों को मासिक धर्म के दौरान स्वच्छता बनाए रखने की महत्ता के बारे में जागरूक करना था।
कार्यक्रम में किशोरियों को माहवारी से संबंधित शारीरिक, मानसिक व सामाजिक पहलुओं की जानकारी दी गई। इस अवसर पर मासिक धर्म स्वच्छता विषय पर एक प्रतियोगिता का आयोजन भी किया गया, जिसमें छात्राओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली प्रतिभागियों को प्रथम, द्वितीय, तृतीय व सांत्वना पुरस्कार वितरित किए गए। साथ ही सभी प्रतिभागियों को सेनेटरी नैपकिन भी दिए गए।
कार्यक्रम में काउंसलर सावित्री राय ने छात्राओं से संवाद कर उन्हें स्वच्छता, आत्म-सुरक्षा और आत्म-विश्वास से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं पर जानकारी दी। उन्होंने माहवारी को एक सामान्य जैविक प्रक्रिया मानते हुए इससे जुड़ी भ्रांतियों को तोड़ने का आह्वान किया।
इस अवसर पर विद्यालय का समस्त स्टाफ भी मौजूद रहा और कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग दिया। विद्यालय प्रशासन ने इस तरह के जागरूकता कार्यक्रमों को आवश्यक बताते हुए भविष्य में भी इस प्रकार के आयोजन किए जाने की बात कही।
-