🔊
चम्पावत में 138.37 करोड़ की 17 पार्किंग परियोजनाओं को मिली रफ्तार।
आदर्श चम्पावत की ओर बढ़ता कदम, 10 पार्किंग परियोजनाएं पूरी, 7 पर तेजी से चल रहा काम
चम्पावत, 06 सितम्बर 2026। जनपद चम्पावत में बढ़ती पार्किंग जरूरतों और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए बड़े स्तर पर पार्किंग परियोजनाओं पर काम किया जा रहा है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में जिला स्तरीय विकास प्राधिकरण के तहत कुल 138.37 करोड़ रुपये की लागत से 17 पार्किंग परियोजनाओं को स्वीकृति मिल चुकी है।
जिला स्तरीय विकास प्राधिकरण के सहायक अभियंता सौरभ चंद ने बताया कि स्वीकृत 17 परियोजनाओं में से 37.12 करोड़ रुपये की लागत वाली 10 पार्किंग परियोजनाओं का निर्माण पूरा हो चुका है। वहीं 101.25 करोड़ रुपये की लागत से 7 अन्य परियोजनाओं पर निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है।
✅ इन स्थानों पर पार्किंग निर्माण पूरा
निर्माण पूर्ण हो चुकी परियोजनाओं में चम्पावत नगर पालिका, नगर पालिका टनकपुर, पर्यटक आवास गृह टनकपुर, लोहाघाट और चम्पावत, नगर पालिका परिषद लोहाघाट परिसर, टुन्यास श्री पूर्णागिरि, रीठा साहिब, कलेक्ट्रेट परिसर में कार्यालय-सह-पार्किंग तथा लोहाघाट की सरफेस पार्किंग शामिल हैं।
🚧 इन स्थानों पर चल रहा निर्माण
वर्तमान में बाराकोट, गैस गोदाम लोहाघाट, जायका रेस्टोरेंट के समीप तथा लकड़ी के टाल के पास चम्पावत में पार्किंग निर्माण कार्य प्रगति पर है।
इसके अलावा सिटी सेंटर चम्पावत, विकासखंड पाटी में मल्टीलेवल पार्किंग एवं बहुउद्देशीय भवन तथा खेतीखान में मल्टीलेवल पार्किंग का निर्माण भी जारी है।
इन स्थानों पर प्रस्तावित हैं नई पार्किंग
देवीधुरा में मां बाराही धाम के समीप ग्राम देचमार और भैसर्ख तथा मां पूर्णागिरि धाम क्षेत्र के जामरानी और ठूलीगाड़ में नई पार्किंग परियोजनाएं प्रस्तावित की गई हैं।
जिलाधिकारी मनीष कुमार ने कहा कि इन परियोजनाओं के पूरा होने के बाद जनपद में यातायात व्यवस्था अधिक सुचारू और व्यवस्थित होगी। इससे स्थानीय नागरिकों के साथ-साथ पर्यटकों और श्रद्धालुओं को भी बेहतर पार्किंग एवं सुगम आवागमन की सुविधा मिलेगी।