🔊
7 से 9 सितंबर तक चम्पावत में चलेगा विशेष सघन चेकिंग अभियान, बिना हेलमेट, सीट बेल्ट, ट्रिपल राइडिंग और स्टंट करने वालों पर होगी कार्रवाई।
चम्पावत, 05 सितम्बर 2026। सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम और यातायात नियमों का प्रभावी पालन सुनिश्चित करने के लिए जनपद में 7 से 9 सितंबर 2026 तक विशेष सघन चेकिंग अभियान चलाया जाएगा।
अभियान के तहत परिवहन विभाग और पुलिस की संयुक्त टीमें प्रमुख मार्गों एवं संवेदनशील स्थानों पर वाहनों की सघन जांच करेंगी। खास तौर पर बिना हेलमेट वाहन चलाने, पीछे बैठी सवारी के हेलमेट न पहनने और चार पहिया वाहनों में सीट बेल्ट का प्रयोग न करने वालों पर निगरानी रखी जाएगी।
इन मामलों में होगी कार्रवाई
चेकिंग के दौरान बिना हेलमेट, पिलियन द्वारा हेलमेट का प्रयोग न करना, ट्रिपल राइडिंग, स्टंट, बिना सीट बेल्ट, काली फिल्म, आवश्यक दस्तावेजों के बिना वाहन संचालन और बिना ड्राइविंग लाइसेंस वाहन चलाने सहित अन्य यातायात नियमों के उल्लंघन पर मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई की जाएगी।
अभियान को प्रभावी बनाने के लिए पुलिस विभाग भी परिवहन विभाग के साथ संयुक्त रूप से कार्रवाई करेगा।
जिलाधिकारी ने की नियमों के पालन की अपील
जिलाधिकारी मनीष कुमार ने जनपदवासियों से यातायात नियमों का गंभीरता से पालन करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि वाहन चलाते समय हेलमेट और सीट बेल्ट का प्रयोग अनिवार्य रूप से करें तथा तेज रफ्तार, स्टंट और ट्रिपल राइडिंग जैसे जोखिमपूर्ण व्यवहार से बचें।
अभियान के दौरान कार्रवाई के साथ-साथ वाहन चालकों को सुरक्षित यातायात के प्रति जागरूक भी किया जाएगा, ताकि सड़क दुर्घटनाओं और उनसे होने वाली जनहानि को कम किया जा सके।