🔊
अतिवृष्टि को लेकर चम्पावत में अलर्ट, जिलाधिकारी ने लोगों से की सावधानी बरतने की अपील
अफवाहों से बचें, केवल अधिकृत सूचनाओं पर करें भरोसा; आपात स्थिति में हेल्पलाइन पर करें संपर्क
चम्पावत, 06 सितम्बर 2026। जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में लगातार हो रही बारिश और खराब मौसम की संभावना को देखते हुए जिलाधिकारी एवं अध्यक्ष जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण मनीष कुमार ने जिलेवासियों से विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है।
जिलाधिकारी ने कहा कि अतिवृष्टि के दौरान पर्वतीय मार्गों, भूस्खलन संभावित क्षेत्रों और क्षतिग्रस्त सड़कों पर अनावश्यक यात्रा से बचें। उन्होंने लोगों से नदियों, गधेरों, नालों और घाटियों के किनारे न जाने तथा बच्चों को भी ऐसे जोखिम वाले स्थानों से दूर रखने की अपील की।
नदियों के बढ़ते जलस्तर को लेकर सतर्क रहें
शारदा नदी सहित अन्य नदियों के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए नदी किनारे और निचले क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को विशेष सावधानी बरतने को कहा गया है।
खराब मौसम के दौरान आकाशीय बिजली, पेड़ गिरने और भूस्खलन की आशंका वाले स्थानों से सुरक्षित दूरी बनाए रखने की सलाह दी गई है।
वाहन चालक बरतें विशेष सावधानी
वाहन चालकों से मौसम और सड़क की स्थिति को ध्यान में रखते हुए सावधानीपूर्वक वाहन चलाने की अपील की गई है। तेज बहाव वाले नालों, जलभराव और मलबे से प्रभावित मार्गों को पार करने का जोखिम न उठाने की सलाह दी गई है।
जिलाधिकारी ने बताया कि जिला प्रशासन द्वारा संवेदनशील क्षेत्रों की लगातार निगरानी की जा रही है और संबंधित विभागों एवं SDRF को आवश्यक सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं।
अफवाहों पर ध्यान न दें
जिलाधिकारी ने कहा कि आपदा या खराब मौसम के दौरान लोग अफवाहों पर ध्यान न दें और केवल प्रशासन के अधिकृत माध्यमों से प्राप्त सूचनाओं पर ही विश्वास करें। उन्होंने लोगों से प्रशासन का सहयोग करने और स्वयं व अपने परिवार की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखने की अपील की।
आपात स्थिति में इन नंबरों पर करें संपर्क
जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र, चम्पावत
लैंडलाइन: 05965-230819, 05965-230703
हेल्पलाइन/मोबाइल: 7895318895, 7579060090, 9528135726
टोल फ्री: 1077
ई-मेल: deoccpt@gmail.com
प्रशासन की अपील: बारिश के दौरान सावधानी बरतें, जोखिम वाले स्थानों से दूर रहें और आपात स्थिति में तत्काल प्रशासन या पुलिस को सूचना दें।