🔊
पीएम स्वनिधि लाभार्थियों को मिलेगा आयुष्मान योजना का लाभ।
चंपावत, 07 सितंबर 2026। जिले में पीएम स्वनिधि योजना से जुड़े रेहड़ी-पटरी और पथ विक्रेताओं को अब आयुष्मान भारत-प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना एवं राज्य स्वास्थ्य योजना का लाभ दिलाने की विशेष प्रक्रिया शुरू की गई है।
जिलाधिकारी मनीष कुमार ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि पीएम स्वनिधि के सभी लाभार्थियों का स्वास्थ्य योजनाओं के तहत शत-प्रतिशत आच्छादन सुनिश्चित किया जाए।
इसके लिए पीएम स्वनिधि पोर्टल पर आयुष्मान कार्ड मैपिंग मॉड्यूल सक्रिय किया गया है। 1 से 30 सितंबर 2026 तक आयोजित लोक कल्याण मेलों के दौरान सभी स्ट्रीट वेंडर्स की आयुष्मान कवरेज संबंधी जानकारी पोर्टल पर अपडेट की जाएगी।
जिन पथ विक्रेताओं के पास पहले से आयुष्मान या राज्य स्वास्थ्य कार्ड है, उनकी कार्ड संख्या पोर्टल पर दर्ज की जाएगी। वहीं जिनके पास कार्ड नहीं है, उनके लिए कारण दर्ज करना अनिवार्य होगा।
डीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि स्वास्थ्य योजना से वंचित सभी स्ट्रीट वेंडर्स को चिन्हित कर विशेष कार्ययोजना के तहत जल्द से जल्द स्वास्थ्य सुरक्षा का लाभ दिलाया जाए।
30 सितंबर तक डेटा अपडेट
प्रशासन का लक्ष्य है कि पीएम स्वनिधि योजना के अंतर्गत पंजीकृत किसी भी पात्र स्ट्रीट वेंडर को स्वास्थ्य सुरक्षा योजनाओं के लाभ से वंचित न रहना पड़े।