🔊
मूसलाधार बारिश में भी मुस्तैद चम्पावत पुलिस, संवेदनशील क्षेत्रों में कड़ी निगरानी।
चम्पावत, 07 सितंबर 2026। जनपद में लगातार हो रही भारी बारिश और खराब मौसम के बीच चम्पावत पुलिस ने आमजन की सुरक्षा को लेकर अतिरिक्त सतर्कता बढ़ा दी है। पुलिस अधीक्षक रेखा यादव के निर्देशन में जिलेभर में पुलिस बल को अलर्ट रखा गया है।
पुलिस द्वारा भूस्खलन संभावित क्षेत्रों, संवेदनशील स्थानों, जलभराव वाले इलाकों, नदी-नालों एवं गधेरों के आसपास तथा प्रमुख आवागमन मार्गों पर लगातार गश्त और निगरानी की जा रही है।
बारिश से प्रभावित या बाधित मार्गों पर पुलिसकर्मी मौके पर तैनात रहकर यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के साथ यात्रियों और वाहन चालकों को सुरक्षित मार्ग की जानकारी एवं आवश्यक दिशा-निर्देश दे रहे हैं।
तेज बहाव वाले नदी-नालों और गधेरों के आसपास विशेष निगरानी रखी जा रही है। मौसम की स्थिति को देखते हुए जरूरत के अनुसार पुलिस बल को संवेदनशील स्थानों पर तैनात किया गया है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल राहत और बचाव कार्य शुरू किया जा सके।
चम्पावत पुलिस ने स्थानीय लोगों, यात्रियों और वाहन चालकों से अपील की है कि भारी बारिश के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचें और नदी-नालों, गधेरों तथा जलभराव वाले स्थानों के पास न जाएं। पुलिस एवं प्रशासन द्वारा जारी सुरक्षा निर्देशों का पालन करें।
किसी भी आपात स्थिति में तत्काल डायल 112 पर संपर्क करें।
सावधानी ही सुरक्षा है।
चम्पावत पुलिस - आपकी सुरक्षा, हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता।